- नमाज के बाद इमलियान मस्जिद के बाहर नारेबाजी

- पुलिस ने लाठी फटकार कर भीड़ को खदेड़ा

Meerut: फेसबुक पर एक धर्म के खिलाफ टिप्पणी को लेकर चल रहे विवाद ने एक बार फिर शुक्रवार को बड़ा रूप ले लिया। नमाज के बाद लोगों ने इमलियान मस्जिद के बाहर जाम लगा दिया। नारेबाजी करते हुए कमेंट करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। अफसरों से धक्का-मुक्की की। फोर्स ने लाठी फटकार कर भीड़ को खदेड़ा। जाम के चलते पुलिस ने रोड बंद कर दिया। अफवाह से आसपास का बाजार बंद हो गया। पुलिस ने जांच रिपोर्ट आने के बाद गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।

क्या था मामला

चार दिन पूर्व फेसबुक पर विशेष संप्रदाय के बारे में धार्मिक टिप्पणी कर दी थी। टिप्पणी सुनील तनेजा के फेसबुक आइडी से की गई थी। इस मामले में उनके खिलाफ नौचंदी थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। हालांकि प्रारंभ जांच में पता चला कि आइडी फर्जी बनाई गई है। इसलिए इस मामले की जांच हैदराबाद साइबर सेल में भेजी गई है। शुक्रवार को नमाज के बाद सैंकड़ों की संख्या में नमाजी इमलियान मस्जिद के बाहर जमा हो गई। उन्होंने पुलिस-प्रशासन व सुनील तनेजा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर सीओ सिविल लाइन शिवराज सिंह, सीओ कोतवाली रुपेश ंिसह, सिटी मस्जिट्रेट समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे आरोपी की गिरफतारी पर अड़े थे। इस दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठी फटकार कर युवकों को खदेड़ा। वहीं मौलाना समेत विशेष संप्रदाय के जुम्मेदार लोगों ने भीड़ को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इस दौरान अफवाह से आसपास की दुकानें बंद हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर रोड बंद कर दिया गया।

फेसबुक पर टिप्पणी प्रकरण की जांच हैदराबाद साइबर सेल में भेजी जाएगी। सच्चाई सामने आने पर आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।

- ओमप्रकाश

एसपी सिटी