वाशिंगटन (रायटर)। Virginia Plane Crash : वर्जीनिया में हुए विमान हादसे को लेकर अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि क्रैश हुआ विमान संदिग्ध था। यह पहले वाशिंगटन इलाके में उड़ान भर रहा था, जिसका अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने पीछा किया था। इस दाैरान रहस्यमय विमान अनियंत्रित हो गया और अमेरिकी राज्य वर्जीनिया में क्रैश हो गया। घटना की जांच कर रहे फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के मुताबिक एफ-16 ने जिस रहस्यमयी विमान का पीछा किया गया उसका नाम सेसना 560 था। यह वर्जीनिया में जॉर्ज वॉशिंगटन नेशनल फॉरेस्ट के पास क्रैश हुआ था। वहीं वर्जीनिया स्टेट पुलिस ने बताया कि हमें रविवार शाम करीब 4 बजे एक काॅल से विमान क्रैश की सूचना मिली थी।
सभी लोगों की मौत
सूचना मिलते ही बचावकर्मी करीब चार घंटे के बाद पैदल ही दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। इस दाैरान पता चला कि विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी थी। जांच के बाद विमान के बारे में पता चला कि यह फ्लोरिडा के मेलबोर्न इंक के एनकोर मोटर्स में रजिस्टर्ड था। कंपनी चलाने वाले जॉन रंपेल ने मृतकों की पहचान की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में उनकी बेटी, दो साल की पोती, उनकी दादी और पायलट सवार थे। वह उत्तरी कैरोलिना में अपने घर की विजिट करने के बाद लॉन्ग आइलैंड पर ईस्ट हैम्पटन में अपने घर लौट रहे थे।

International News inextlive from World News Desk