वाशिंगटन (आईएएनएस)। अमेरिका के ओक्लाहोमा में 18 साल की एक लड़की को राइफल के साथ गिरफ्तार किया गया है, उसपर आरोप है कि वह मनोरंजन के लिए करीब 400 लोगों की हत्या करना चाहती थी। बता दें कि वह जिन लोगों का कत्ल करने की योजना बना रही थी, उनमें उसके साथ हाई स्कूल में पढ़ने वाले कुछ साथी भी शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि 18 साल की एलेक्सिस विल्सन को देश में आतंकवाद फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और फिलहाल उसे स्थानीय जेल में भेज दिया गया है।  पिट्सबर्ग काउंटी शेरिफ ऑफिस ने अपने बयान में बताया कि एलेक्सिस ने सोमवार को एक पिज्जा रेस्तरां में अपने सहकर्मियों से कहा कि उसने एक सेमीऑटोमैटिक AK-47 राइफल खरीदी है, जिससे वह मनोरंजन के लिए अपने कुछ साथियों को गोली मार देगी।

राइफल के साथ दिखाई तस्वीरें

दोनों सहकर्मियों ने स्थानीय पुलिस को इस बात की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि विल्सन ने उन्हें कुछ तस्वीरें दिखाईं, जिसमें वह राइफल पकड़े हुए नजर आ रही थी। फोटो दिखाने के बाद विल्सन ने अपने दोनों सहकर्मियों को बताया कि वह अपने पुराने स्कूल के कुछ साथियों को मनोरंजन के लिए गोलियों से भून डालेगी। इस बात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने विल्सन को तुरंत उसके घर के पास पकड़ लिया। तब उसने अधिकारियों को बताया कि वह सिर्फ अपने सहकर्मी को यह सिखाने की कोशिश कर रही थी कि बंदूक से डरने की बजाय उसका डटकर सामना करना चाहिए लेकिन वह उन्हें यह नहीं समझा पाई कि आखिरकार उसने सहकर्मी से स्कूल में अपने साथियों को मारने की बात क्यों की?

धनबाद में पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह को AK47 से भूना, शरीर में मिली 17 गोलियां

स्कूल में साथी उड़ाते थे मजाक

सख्ती से पूछताछ के बाद विल्सन ने पुलिस को बताया कि जब वह स्कूल जाती थी तो हमेशा उसके साथी किसी बात पर उसका मजाक उड़ाते रहते थे, जो उसे अच्छा नहीं लगता था लेकिन फिर भी वह उन्हें अनदेखा कर देती थी। तब से ही वह उनसे बदला लेने के बारे में सोच रही थी। पुलिस ने विल्सन के घर से एक राइफल, छह उच्च क्षमता वाले बंदूक के मैगजीन्स, कई गोलियां और छोटे बंदूक बरामद किए हैं। इसी बीच उसके स्कूल ने बताया कि विल्सन को उसके आक्रामक तेवर के लिए कई बार स्कूल से सस्पेंड किया जा चुका था। बाद में उसे स्कूल से निकाल दिया गया। अगर विल्सन पर लगा आरोप अदालत में सिद्ध हो जाता है तो उसे 10 साल तक की सजा हो सकती है।

International News inextlive from World News Desk