गाजियाबाद (एएनआई)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद शहर के संजय नगर इलाके में एक 10 वर्षीय लड़के को पिटबुल ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूत्रों के मुताबिक शनिवार को कुत्ते के काटने से गंभीर रूप से जख्मी हुए लड़के के चेहरे पर 175 से ज्यादा टांके लगे हैं। बता दें कि, लड़का गाजियाबाद का रहने वाला है और यह मामला मधुबन बापूधाम थाने के अंतर्गत आता है।

गाल और कान पर किया घातक वार
3 सितंबर को संजय नगर के बच्चे इलाके के ए ब्लॉक पार्क में खेल रहे थे, तभी अचानक वहां घूम रहे एक पिटबुल कुत्ते ने बच्चों पर हमला कर दिया। इसके बाद कुत्ते ने महल को गिरा दिया और उसके गाल और कान को काट लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने लड़के को बचाया और उसके परिवार को सूचित किया जो घायल लड़के को तुरंत अस्पताल ले गए। जिसके बाद बच्चे के चेहरे पर 175 टांके लगे हैं। बच्चा अब मुश्किल से बात कर पा रहा है, और वह अपनी तस्वीरों को देखकर डर जाता है।

पिटबुल के मालिक पर लगा 5,000 का जुर्माना
महल के दादाजी ने बताया कि, कुत्ते ने बच्चे पर तब हमला किया जब वह पार्क में खेल रहा था। शुक्र है कि किसी ने उसे देख लिया, नहीं तो कुत्ते ने उसे मार डाला होता। बच्चा अब न तो खा पा रहा है, और न ही साफ बोल पा रहा है। मौके पर पहुंची परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कुत्ते के मालिक ने कुत्ते को घटनास्थल से हटा दिया था। सीओ रितेश त्रिपाठी के मुताबिक कुत्ते के मालिक के खिलाफ नगर निगम द्वारा 5,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है, और चेतावनी भी जारी की गई है।

अपने पालतू जानवरों का कराएं पंजीकरण
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे नगर निगम के पोर्टल पर जाकर अपने पालतू जानवरों का पंजीकरण कराएं। सीओ रितेश त्रिपाठी ने कहा कि लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है कि वे अपने पालतू जानवरों के बारे में नगर निगम को सूचित करें। लोगों को स्वयं इसके बारे में जागरूक होना होगा, ताकि वे और अन्य लोग भी जान सकें कि कुत्ते को ठीक से टीका लगाया गया है या नहीं। अधिकारी ने नियमानुसार कार्रवाई करने का भी आश्वासन दिया।

मालिक महिला बनी रही मूकदर्शक
एक अधिकारी ने बताया कि इसी तरह की घटना कुछ दिन पहले भी गाजियाबाद में हुई थी जब एक स्कूल के लड़के को एक हाउसिंग सोसाइटी की लिफ्ट के अंदर कुत्ते ने काट लिया था, जबकि जानवर की मालिक मूकदर्शक बनी हुई थी। यह घटना, जिसका एक वीडियो भी वायरल हुआ, राजनगर एक्सटेंशन के चार्म्स कैसल में हुआ। जब लड़के को कंधे पर स्कूल बैग के साथ, बिल्डिंग की लिफ्ट के अंदर कुत्ते ने काट लिया। लड़के के माता-पिता ने नंदीग्राम पुलिस स्टेशन से संपर्क किया जहां आईपीसी की धारा 289 (जानवरों के संबंध में लापरवाही पूर्ण आचरण) के तहत एक शिकायत दर्ज की गई। यह घटना लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में दिखाया गया है कि कुत्ते द्वारा लड़के पर हमला किया जा रहा है। लेकिन महिला कुत्ते का पट्टा पकड़े अपने स्थान पर खड़ी रही। जब वह लिफ्ट से बाहर निकली तो कुत्ते ने फिर से बच्चे पर छलांग लगाई लेकिन महिला ने उसे खींच लिया।

National News inextlive from India News Desk