- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पहुंचे ऋषिकेश

RAIWALA/RISHIKESH: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि महाकुंभ के आयोजन में उत्तर प्रदेश सरकार उत्तराखंड को हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में जिन फ्लाईओवर का निर्माण उत्तर प्रदेश सेतु निगम कर रहा है, वे समय से पूरे कर लिए जाएंगे। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति स्नेह रखने वाला हर व्यक्ति इस कानून का सम्मान कर रहा है।

अयोध्या में जल्द बनेगा राम मंदिर

शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रायवाला में निर्माणाधीन फ्लाईओवर व सड़क के फोरलेन कार्य का इंस्पेक्शन किया। उन्होंने अफसरों से बातचीत कर कार्य की प्रगति जानी। मीडिया से बातचीत में मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग हरिद्वार में स्टेट गेस्ट हाउस का निर्माण करा रहा है। यह कार्य भी निर्धारित समय के भीतर कर लिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने ऋषिकेश में आयोजित एक कार्यक्रम को भी संबोधित किया। नागरिकता संशोधन कानून पर मौर्य ने कहा कि यदि तत्कालीन कांग्रेस सरकार धर्म के आधार पर देश का विभाजन न करती तो आज देश में इस कानून लाने की जरूरत न पड़ती। उन्होंने कहा कि सीएए कांग्रेस के बुरे कर्मों को सुधारने का कानून है, राष्ट्र के प्रति स्नेह रखने वाला प्रत्येक व्यक्ति इस कानून का सम्मान कर रहा है। राम मंदिर मामले में उन्होंने कहा कि आज लंबी कानूनी लड़ाई के बाद अयोध्या में राम मंदिर का रास्ता साफ हुआ है, जबकि कांग्रेस चाहती तो आजादी के बाद जिस तरह से सोमनाथ मंदिर बना उसी तरह अयोध्या में राम मंदिर बन सकता था। उन्होंने कहा कि अयोध्या में जल्द ही भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा।