फोटो

- इनर ¨रग रोड पर कार का टायर फटने से हुआ हादसा

- बर्थडे पार्टी के बाद निकले थे 6 दोस्त, दो घायल

आगरा: मंगलवार शाम घर पर बर्थ डे पार्टी के बाद स्कार्पियो गाड़ी से रात में लांग ड्राइव पर निकले छह दोस्त इनर ¨रग रोड पर हादसे का शिकार हो गए। फर्राटा भर रही गाड़ी का टायर फट गया। बिजली के खंभे से टकराने के बाद कार कई बार पलटी। जिससे गाड़ी के दो हिस्से हो गए। हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए।

बर्थडे पार्टी के बाद निकले थे

ताजगंज क्षेत्र के नेहरू एन्क्लेव में साई आशियाना निवासी रहमान के बेटे कासिफ का मंगलवार को बर्थडे था। घर पर शाम को पार्टी हुई। इसमें कासिफ ने अपने दोस्त 17 वर्षीय अरशद (शहीद नगर), 19 वर्षीय आशीष और 18 वर्षीय निखिल (नेहरू एन्क्लेव, ताजगंज), 16 वर्षीय कृष्णा सिंह (चमरौली मोड़), 16 वर्षीय कबीर (नेहरू एन्क्लेव, ताजगंज) को भी बुलाया था। पार्टी के बाद रात में सभी छह दोस्त अरशद की स्कार्पियो गाड़ी से लांग ड्राइव पर निकल गए। गाड़ी को आशीष ड्राइव कर रहा था।

तेज रफ्तार थी कार

रात करीब 11 बजे इनर ¨रग रोड पर रहनकला के पास टोल प्लाजा से यू टर्न लेकर सभी दोस्त घर लौट रहे थे। तभी स्कार्पियो गाड़ी का टायर फट गया। गाड़ी अनियंत्रित होकर यमुना पुल के डिवाइडर से होते हुए बिजली के खंभे से टकराई। गाड़ी इतनी रफ्तार में थी कि इसके बाद कई बार पलटते हुए दो हिस्से में बंट गई। सभी दोस्त कार में बुरी तरह से इसमें फंस गए। आनन-फानन पहुंचे इनर ¨रग रोड के टोलकर्मी और पुलिस ने किसी तरह इन युवकों को बाहर निकाला।

4 की मौत, 2 घायल

हादसे में आशीष, निखिल, कृष्णा सिंह और अरशद की मौके पर ही मौत हो गई। कासिफ और कबीर घायल हो गए। दोनों को वाटरव‌र्क्स स्थित सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की जानकारी होते ही परिजन पहुंच गए। छह घरों में कोहराम मच गया।

---

घटना 22 जून रात 11 बजे की है। जिसमें घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मृतकों का पंचायतनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे के कारणों की जांच चल रही है।

-मुनिराज जी., एसएसपी, आगरा