- सदर भट्ठी की मोहिनी मार्केट में दुकान में लगी आग

- आसपास रहने वालों में दहशत, घर छोड़कर भाग खड़े हुए

आगरा। बुधवार सुबह खलबली भरी आई। सदर भट्ठी के एक मार्केट में भीषण आग लग गई। आग की विकरालता इस कदर फैली कि आसपास की 40 दुकानें चपेट में आ गई। यह दुकानें मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। लोग घरों को छोड़ सड़क पर आ गए। आसपास की दुकानों को खाली करा दिया गया। आगरा के अलावा फीरोजाबाद और मथुरा की दमकलों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। करोड़ों का नुकसान होने की आशंका जताई है।

दो भागों में बंटा है मार्केट

सदर भट्ठी निवासी आशीष शिवहरे के आवास के सामने ही उनका मार्केट है। मार्केट दो भागों में बंटा हुआ है। इसमें एक तरफ मार्केट का नाम किशन कॉम्प्लेक्स व दूसरी तरफ मोहिनी मार्केट है। थर्ड फ्लोर पर होटल जिज्ञासा पैलेस है। इसमें मैरिज होम व रेस्टोरेंट के अलावा कमरे अलग से हैं। मोहिनी मार्केट में अजय बंसल की फोम की दुकान है। सुबह साढ़े सात बजे करीब अजय की दुकान से धुआं निकलता दिखाई दिया। चौकीदार अशोक ने इसकी जानकारी अन्य मार्केट के लोगों को दी। होटल स्टाफ ने अग्निशमन सिलेंडर व पानी से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तब तक भीषण रूप धारण कर चुकी थी।

धुएं ने किया परेशान

मार्केट में कुल 64 दुकान बताई गई हैं। इनमें करीब 40 दुकान एक के बाद एक चपेट में आती गई। अन्य दुकानदार मौके पर पहुंच गए। सभी ने दुकानें खाली करना शुरू कर दिया। धुआं इतना था कि कोई भी अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। फिर भी जितना हो सका, उतना माल बाहर निकाल लिया।