-जेल में 290 कैदियों में से 24 की अब तक हो चुकी है टेस्टिंग

-एमडी जैन से क्वीन विक्टोरिया इंग्लिश मीडियम स्कूल में शिफ्ट

आगरा। देहली गेट स्थित क्वीन विक्टोरिया इंग्लिश मीडियम स्कूल में बनाई गई अस्थाई जेल में शुक्रवार को 9 विचाराधीन कैदी संक्रमित पाए गए हैं। इससे जेल में खलबली मच गई है। अस्थाई जेल में वर्तमान समय में एक महिला सहित 290 कैदी हैं, जिनकी नियमित स्क्रीनिंग की जाती है। गुरुवार को 24 कैदियों की टेस्टिंग की गई थी, जिनमें 9 कैदियों की रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आई है।

जेल परिसर को कराया सेनेटाइज

शुक्रवार को इसकी जानकारी होने पर जेल प्रशासन अलर्ट हो गया। आनन-फानन में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित पाए गए कैदियों को उपचार के लिए हॉस्पिटल भेज दिया। इसके बाद जेल परिसर में सेनेटाइज किया गया। जिले भर से बंदी बनाए गए आरोपियों को जेल भेजे जाने से पूर्व अस्थाई जेल में रखा जाता है। उनकी कोरोना टेस्टिंग होने के बाद रिपोर्ट निगेटिव आने पर ही उन्हें स्थाई जेल स्थानांतरित किया जाता है।

चार कैदियों की थी भागने की कोशिश

पहले यह अस्थाई जेल हरीपर्वत थाने के पीछे एमडी जैन इंटर कॉलेज में बनाई गई थी, लेकिन पिछले दिनों यहां बंद 4 कैदियों ने भागने की कोशिश की तो इस अस्थाई जेल को असुरक्षित घोषित कर दिया गया। इधर कॉलेज में बोर्ड एडमिशन फार्म भरने के लिए बच्चे कॉलेज के चक्कर लगा रहे थे, जिसको ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया था। कुछ दिन बाद इस जेल को देहली गेट स्थित क्वीन विक्टोरिया इंग्लिश मीडियम स्कूल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

कैदियों के संक्रमित मिलने पर अस्थाई जेल को सेनेटाइज किया गया है। कैदियों की रोजाना टेस्टिंग की जा रही है।

विनोद जोशी, प्रभारी जेल अधीक्षक

अस्थाई जेल में कैदी

290

टेस्टिंग की संख्या

24

संक्रमित मिले

09