आगरा। सर यहां पार्किंग को लेकर समस्या है। डक्ट भी खस्ताहाल है। कई बंद फ्लैट के चलते भी समस्या है। कुछ ऐसी ही समस्याएं ताजनगरी स्थित एडीए हाईट्स के वाशिंदों ने वीसी डॉ। राजेंद्र पेंसिया को बताई। इस पर वीसी ने 2 महीने के अंदर सभी समस्याओं को दूर कराने के अधीनस्थों को निर्देश दिए।

वीसी डॉ। राजेंद्र पेंसिया जब एडीए हाईट्स पहुंचे तो उन्हें अपनी समस्या बताने के लिए सोसायटी के लोग उमड़ पड़े। किसी ने लाइटिंग की समस्या बताई, तो कोई पानी लीकेज के चलते परेशान था। निरीक्षण के दौरान वीसी डॉ। पेंसिया करीब ढाई घंटे तक सोसायटी में रहे। सभी की समस्याओं को सुना। सोसायटी में समस्याओं को 2 महीने में दूर करने के निर्देश दिए। वीसी ने 15 दिन बाद दोबारा मौके पर निरीक्षण कर कार्यो के अपडेट लेने की बात कही।

लैंड यूज का लिया संज्ञान

एडीए वीसी को निरीक्षण के दौरान ताजनगरी में पंचवटी कॉलोनी पर कई फ्लैट्स में कमर्शियल एक्टिविटीज होते दिखीं। इस पर वीसी ने संज्ञान लेते हुए जानकारी मांगी। साथ ही ये भी बताने को कहा कि फ्लैट्स में किस तरह की कमर्शियल एक्टिविटीज हो सकती हैं।

वैभव गार्डन में मिली खामी

ताजनगरी में ही पास में बिभब गार्डन है। इसमें अवैध निर्माण की जानकारी मिली। बिल्डिंग को लेकर मानक पूरे नहीं मिले। इस पर कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, तान्या एंक्लेव कॉलोनी में पार्क की भूमि को निर्माण ध्वस्त कर खाली कराया गया। वहीं, इससे पहले एडीए वीसी ने हरीपर्वत स्थित स्कूल का भी निरीक्षण किया। बच्चों से भी बात की।

बॉक्स

कर्मचारियों की कार्यशैली का होगा मूल्यांकन

अब आगरा विकास प्राधिकरण के कर्मचारियों की कार्यशैली का मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले कर्मचारी को हर महीने सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। जो कर्मचारी के प्रदर्शन का मूल्यांकन करेंगे। इस कमेटी के अध्यक्ष एडीए सचिव होंगे। वहीं विशेष कार्याधिकारी सदस्य संयोजक और मुख्य अभियंता कमेटी में सदस्य होंगे।