आगरा: एत्माद्दौला में चीनी का रोजा पर आठ साल के बेटे के सामने यमुना में नहाने गया पिता डूब गया। बेटे ने घर आकर इसकी जानकारी स्वजन को दी। उन्होंने पुलिस की मदद से तलाश शुरू की। जयपुर की शारदा कालोनी निवासी रहीस 28 वर्ष अपनी ससुराल पीलाखार स्थित अग्रेसनपुरम में रह रहा था। वह रविवार को तीसरे पहर तीन बजे अपने आठ साल के बेटे फरहान के साथ चीनी का रोजा पर यमुना में नहाने गया था। बेटे को किनारे पर बैठा रहीस नदी में उतर गया। बेटे ने बताया कि पिता उसके सामने डूबने लगे, उन्हें बचाने के लिए वह शोर मचाकर रोने लगा। उसकी आवाज सुनकर पहुंचे दो युवकों ने पिता को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। काफी प्रयास के बाद भी रहीस का पता नहीं लगा। बेटे ने घर पहुंचकर स्वजन को इसकी जानकारी दी। स्वजन और पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस के अनुसार रहीस को तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।