आगरा: अफगानिस्तान के हाई लेवल राजनयिकों ने शनिवार को मुगल शहंशाह अकबर की राजधानी रही फतेहपुर सीकरी स्थित स्मारकों का दीदार किया। उन्होंने जोधाबाई पैलेस, तुर्की सुल्ताना का महल, अनूप तालाब, पंचमहल, दीवान-ए-आम, दीवान-ए-खास को निहारा। उनकी विजिट के लिए साप्ताहिक बंदी के बावजूद फतेहपुर सीकरी को खोला गया था।

25 राजनयिकों का दल पहुंचा

अफगानिस्तान के 25 राजनयिकों का दल शनिवार दोपहर दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस-वे होते हुए आगरा पहुंचा। ताजनगरी फेज-टू स्थित होटल कोर्टयार्ड बाइ मैरियट में लंच के बाद दल फतेहपुर सीकरी रवाना हुआ। फतेहपुर सीकरी में दल का स्वागत सहायक अधीक्षण पुरातत्वविद् आरके सिंह और संरक्षण सहायक कलंदर ने किया। स्मारक परिसर में भ्रमण के दौरान उमस से सभी परेशान दिखे। बुलंद दरवाजा व दरगाह परिसर उन्होंने नहीं देखे। राजनयिकों का दल रविवार सुबह 7:30 से नौ बजे तक ताजमहल का भ्रमण करेगा।

महिला राजनयिक का छूट गया पर्स

स्मारक परिसर में भ्रमण के दौरान एक महिला राजनयिक का पर्स छूट गया। पर्स की याद आने पर उसने एएसआई के अधिकारियों को अवगत कराया। पर्स को कर्मचारियों से ढूंढवाकर महिला राजनयिक को सौंप दिया गया।