आगरा(ब्यूरो)। आर्केलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (एएसआई) द्वारा जारी आंकड़े बिल क्लिंटन द्वारा कही गई बात की तस्दीक करती हैैं। पूरे देश के साढ़े तीन हजार से ज्यादा संरक्षित स्मारकों में आगरा का ताजमहल पर्यटकों और रेवेन्यू के मामले में टॉप पर है। टॉप-10 मॉन्यूमेंट्स से वर्ष 2021-22 में 55 करोड़ रुपए की आय हुई। इसमें ताजमहल की हिस्सेदारी 25 करोड़ यानी 46 फीसदी है। दिल्ली का लाल किला 20 फीसदी कमाई करके दूसरे स्थान पर रहा।

एएसआई ने जारी की लिस्ट
एएसआई ने वर्ष 2021-22 में देशभर के मॉन्यूमेंट्स पर पर्यटकों के आने से होने वाली आमदनी की लिस्ट जारी की है। लिस्ट के अनुसार ताजमहल सैलानियों की संख्या के साथ कमाई में भी आगे हैै। वित्तीय वर्ष 2021-22 में ताजमहल को 25 करोड़ 61 लाख 73 हजार 145 रुपए पर्यटकों को टिकट बिक्री से प्राप्त हुए। वित्तीय वर्ष 2020-21 में भी ताज की कमाई अन्य स्मारकों से ज्यादा रही थी। तब 9 करोड़ 53 लाख 41 हजार 75 रुपए प्राप्त हुए थे। तब चेन्नई के ग्रुप ऑफ मॉन्यूमेंट मल्लापुरम ने दूसरे स्थान पर रहते हुए 6 करोड़ 51 लाख 26 हजार 775 रुपए की कमाई की थी। वर्ष 2021-22 में दिल्ली ने कमाई के मामले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। दिल्ली के लाल किले ने छह करोड़ एक लाख 18 हजार 315 रुपए प्राप्त किए हैैं।

वित्तीय वर्ष 2021-22 में टॉप 10 स्मारकों से 55 करोड़ 17 हजार 89 रुपए प्राप्त हुए। इसमें ताजमहल की हिस्सेदारी 25 करोड़ 61 लाख 73 हजार 145 रही। वहीं आगरा किला चौथे नंबर पर शामिल रहा। आगरा किला ने टिकट बिक्री कर चार करोड़ 43 हजार 965 रुपए कमाए। यदि ताजमहल और आगरा किला द्वारा अर्जित राशि को देखा जाए तो कुल 29 करोड़ 62 लाख 17 हजार 110 रुपए का रेवेन्यू प्राप्त हुआ। टॉप-10 स्मारकों की कमाई में आधे से ज्यादा 53.85 परसेंट भागीदारी दी।

पर्यटकों की पसंद में भी अव्वल
पर्यटकों की पसंद के मामले देखा जाए तब भी आगरा का ताजमहल सबसे आगे हैैं। वित्तीय वर्ष 2021-2022 में टॉप-10 स्मारकों को निहारने के लिए एक करोड़ 15 लाख 44 हजार 31 पर्यटकों ने विजिट किया। इसमें 33 लाख 33 हजार 533 पर्यटक आगरा आए। वहीं दिल्ली के लाल किले को देखने के लिए 13 लाख 29 हजार 80 पर्यटक आए। पर्यटकों की पसंद के मामले में दिल्ली का लाल किला दूसरे स्थान पर रहा।


आंकड़े
- 3665 एएसआई संरक्षित स्मारक हैं पूरे देश में
- 10 टॉप स्मारकों में आगरा, दिल्ली के दो-दो मान्यूमेंट


देश में टॉप-10 स्मारक

स्मारक राजस्व की प्राप्ति
ताजमहल 256173145
लाल किला 60118315
कुतुब मीनार 50722744
आगरा किला 40043965
मल्लापुरम 39307950
सूर्य मंदिर कोणार्क 24570555
चित्तौडग़ढ़ किला 23326950
हैदराबाद गोलकुंडा 22013455
हम्पी स्मारक 17483675
एलोरा की गुफाएं 16256335


यह काफी खुशी की बात है कि आगरा टूरिज्म देशभर में अच्छी हैसियत रखता है। यहां पर सुविधाएं और बढऩी चाहिए।
- करन सिंह, पब्लिक
ताजमहल हर बार सबसे ज्यादा पर्यटकों द्वारा विजिट करने वाला स्मारक बनता है। इस बार भी ताज अव्वल रहा।

-धीरज, पब्लिक

पूरी दुनिया से ताजमहल को देखने के लिए पर्यटक आते हैैं। यह आगरावासियों के लिए खुशी की बात है।
- जीत, पब्लिक