आगरा। जीआरपी आगरा कैंट ने लगातार दूसरे दिन चेकिंग के दौरान गांजे के दो तस्करों को दबोच लिया। जीआरपी ने उनके कब्जे से 6 किलो गांजा भी बरामद किया है। एसपी रेलवे जोगेंद्र सिंह के आदेशानुसार रेलवे में नशे के तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए सीओ गजेन्द्रपाल सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार की रात जीआरपी आगरा कैंट प्रभारी विजय सिंह चक टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान सर्कुलेटिंग एरिया में दो गांजे के तस्कर टीम के हत्थे चढ़ गए।

दूर तक फैला है तस्करों का जाल

सीओ जीआरपी गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पकड़े गए शातिरों ने अपने नाम अजय कुमार पुत्र जोगेन्द्र सिंह निवासी जींद हरियाणा और सत्येन्द्र पुत्र नत्थूलाल निवासी बदायूं बताया है। जीआरपी के अनुसार नशे के तस्करों का जाल बहुत राज्यों में फैला हुआ है। ये विशाखापट्नम से गांजे की सप्लाई दिल्ली के लिए करते हैं। मौजूदा समय में ये दोनों हरियाणा पानीपत में रहते हैं। इसमें सत्येन्द्र किराए पर रहता है। इससे पहले शनिवार को एक महिला और युवक को 20 किलो गांजे के साथ पकड़ा गया था। उससे पहले एक इंटर की स्टूडेंट को गांजे की तस्करी में पकड़ा जा चुका है।

दबोचने वाली टीम में ये रहे शामिल

जीआरपी थाना प्रभारी विजय सिंह चक, एसआई अनुराग यादव, जितेन्द्र सिंह, सíवलांस प्रभारी मनोज कुमार, सुशील तिवारी, प्रवेन्द्र कुमार, लोकेश कुमार, सुमित और उमेश चंद मौजूद रहे।