मेड की निकली चींख
थाना न्यू आगरा क्षेत्र की लॉयर्स कॉलोनी में मानसिंह चौहान का परिवार रहता था। मान सिंह अधिवक्ता थे। आठ महीने पहले मानसिंह की मौत हो गई थी, उनका एक बेटा तरुण चौहान उर्फ जॉली अपनी पत्नी रजनी, बेटा कुशाग्र 12 और मां ब्रजेश चौहान 65 वर्ष के साथ रहता था। शनिवार को शाम आठ बजे पत्नी रिश्तेदारों के साथ खाटूश्याम के दर्शन को गईं थीं। रविवार सुबह जब उसके घर काम करने वाली मेड नौकरानी पहुंची तो तरुण फंदे पर लटका मिला। ये देखकर मेड की चीख निकल गई, उसे शोर मचाकर लोगों को बुलाया।


मकान से बरामद की तीन बॉडी
लॉयर्स कॉलोनी के एक मकान से तीन लोगों के शव मिलने की खबर से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मरने वाले तीनों आपस में पिता, बेटा और मां हैं। बेटे ने अपनी बुजुर्ग मां और मासूम बेटे की हत्या करने के बाद खुद फंदे पर लटक कर जान दी है। ये आत्मघाती कदम उसने कर्ज में डूबने के कारण उठाया है। आत्महत्या से पहले उसने अपने लैपटॉप में वीडियो बनाया। इसके बाद लैपटॉप में सेव किया। पुलिस को लैपटॉप से साक्ष्य मिले हैं। तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।


सुसाइड से पहले बनाया वीडियो
स्थानीय लोगों ने बताया कि तरुण पिता की मौत के बाद परेशान रहता था। वह एक फैक्ट्री में काम करता था। पिता के समय से ही उन पर कर्ज हो गया था। वह शराब का आदी हो गया था। तरुण की पत्नी रजनी अपनी ननद के साथ शनिवार को खाटू श्याम के मंदिर गई है। वह अभी लौटी नहीं है। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने कर्ज की बात बताकर कहा कि मैं जानता हूं कि मैं बहुत गलत फैसला ले रहा हूं, लेकिन इसके अलावा मेरे पास को चारा नहीं है।

खाने में मिलाया था जहर
आसपास के लोगों ने बताया कि तरुण शनिवार से ही बाहर नहीं निकला था। पत्नी के खाटूश्याम जाने के बाद क्या हुआ इसकी जानकारी नहीं है, उसने शनिवार की रात को ही ये आत्मघाती कदम उठाया होगा। रविवार सुबह जब उसके घर में काम करने वाली मेड पहुंची है, तब लोगों को इसकी जानकारी हुई है। बताया जा रहा है कि उसने खाने में जहर मिला दिया था। इसके बाद खुद फंदे पर लटक गया। फिलहाल पुलिस मामले सभी पहलूओं पर जांच कर रही है।



पुलिस के पहुंचने पर मकान के भीतर देखा तो एक कमरे में तरुण का बेटा कुशाग्र और मां ब्रजेश के शव पड़े थे। खुद उसने आत्महत्या की है। सुसाइड ने पहले उसने अपनी मां और बेटे को मारा है। वारदात को अंजाम देने से पूर्व उसने अपना एक कनफेशन वीडियो बनाया था।
सूरज राय, डीसीपी सिटी

अब हम कुशाग्र के साथ कभी नहीं खेल सकेंगे
कॉलानी में रहने वाला कुशाग्र पांचवीं क्लास में पड़ता था। घटना को लेकर आसपास के लोग हैरान थे कि आखिर तरुण ने इस तरह का कदम क्यों उठाया? वहीं आसपास के रहने वाले बच्चे आपस में चर्चा कर रहे थे कि कुशाग्र अब कभी हमारे साथ नहीं खेलेगा। कुशाग्र के आसपास रहने वाले अनमोल ने बताया कि वो मेरा बहुत अच्छा दोस्त था, हम शाम को खेलते थे, कुशाग्र अपना टेनिस लेकर आता था, इसके बाद हम खेलते थे। अब हम कुशाग्र के साथ कभी नहीं खेल सकें गे।