चारों और बिखरीं खुशियां
प्रभु श्रीराम के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की खुशियां आगरा में चारों ओर बिखरी दिखीं। मंदिरों से लेकर घरों तक में धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से प्रत्येक सनातनी ने प्रभु श्रीराम का भव्य स्वागत किया। हवन-यज्ञ सुबह से ही प्रारंभ हो गए। भक्ति गीतों के बीच सभी ने अयोध्या में हुए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विभिन्न स्थानों पर देखा। इसके लिए विभिन्न मंदिरों, बाजारों, चौराहों व प्रतिष्ठानों पर एलईडी व बड़े स्क्रीन लगाए गए थे। चौराहों पर लगे एलईडी स्क्रीन पर भी इसका सीधा प्रसारण किया गया। प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न होते ही जैसे ही प्रभु की पहली मनोहारी झलक दिखाई दी, सभी सनातनी भाव-विभोर होकर आनंदित हो उठे। टीवी पर ही प्रभु का प्रथम दर्शन कर उन्हें श्रद्धाभाव से भावांजलि अर्पित की। अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न होने के साथ ही युवाओं की टोलियां उत्साह और उमंग से परिपूर्ण होकर हाथों में धर्मध्वजा थामे सड़कों पर उतर आई। कोई वाहनों पर, तो कोई पैदल ही टोलियों में निकल पड़े और प्रभु आगमन के शुभ संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। सोमवार को सार्वजनिक अवकाश होने के बाद भी बाजारों में भी विशेष उत्साह और भीड़ नजर आई। व्यापारियों व कारोबारियों ने अपने घरों के साथ प्रतिष्ठानों को भी सजाया। बाजारों के प्रत्येक मार्ग झंडियों, पतंगों, झालरों, विद्युत लाइटों व बैनरों आदि से सजाए गए थे। सुबह से रात तक रामधुन व भक्ति गीत गूंजते रहे।

छाई दीपावली जैसी खुशियां
यह वह पल था, जिसकी प्रतीक्षा सदियों से कई पीढिय़ों को थी, लेकिन इसका साक्षी बनने का सौभाग्य आज जिसे भी मिला, वह स्वयं को धन्य मान रहा था। घरों को पुष्प व विद्युत सजावट से सजाया। द्वार पर तोरण सजाए और छतों पर भगवा ध्वज फहराया। रात्रि में खुशियों को आतिशबाजी से व्यक्त करने के साथ दीपदान कर प्रभु आगमन की एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

हुए सुंदरकांड पाठ व रामस्तुति
प्रभु श्रीराम के आगमन की खुशियों में शहर में विभिन्न स्थानों पर रामायण पाठ, सुंदरकांड पाठ व श्रीराम स्तुति पाठ हुआ। नामनेर, सदर, छीपीटोला, बालूगंज, कमला नगर, संजय प्लेस, बेलनगंज, शाहगंज, बोदला, राजामंडी, रावतपाडा, सिकंदरा आदि क्षेत्रों में यह आयोजन किए गए। इसके समपान पर भंडारे का भी आयोजन किया गया। बोदला क्षेत्र में कई कुंतल लड्डू तैयार कराकर उनका वितरण कराया गया।