जय श्रीराम से गूंजा सूरसदन
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद गीता शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, मधु बघेल, महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष उपमा गुप्ता ने संयुक्त रूप से भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथि देवो भव की परंपरा का निर्वहन करते हुए भाजपा महानगर महिला मोर्चा की ओर से मुख्य अतिथि गीता शाक्य का माला पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। अतिथियों के स्वागत के साथ सूरसदन सभागार जय जय श्री राम जय श्री राम के जयकारों से गूंज उठा। उत्तर प्रदेश में पहली बार आगरा में आयोजित स्मार्ट महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2014 के बाद देश की तस्वीर बदल रही है।

अब आत्मनिर्भर हो रहीं महिलाएं
मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का महिला आधारित विकास हो रहा है। पीएम मोदी के कार्यकाल में महिला सशक्तिकरण के लिए अभूतपूर्व काम हुआ है, इससे देश की महिलाएं सशक्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में महिलाएं अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। महिलाएं अब समृद्ध होने की ओर आगे बढ़ रही हैं, वह अब आत्मनिर्भर बन रही हैं। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक रानी परिहार, संध्या जोशी, रश्मि धाकड़, रंजना पवार, अनीता खरे, प्रवीना राजावत, सुनीता सारस्वत, हेमलता अग्रवाल, महानगर के मीडिया प्रभारी सुनील करमचंदानी आदि मौजूद रहे।