- 40.6 डिग्री रहा मैक्सिमम टेम्प्रेचर

- 28.1 डिग्री दर्ज किया मिनिमम टेम्प्रेचर

आगरा। आगरा की गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। इन दिनों एसी, कूलर सब फेल साबित हो रहे हैं। तापमान भी 40 डिग्री के पार पहुंच रहा है। गुरुवार को हवा ने लोगों को राहत दी, लेकिन शुक्रवार को उमस ने बेहाल कर दिया।

सामान्य से अधिक पारा

ताजनगरी में पिछले कई दिनों से टेम्प्रेचर 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। पिछले दिनों दो दिन लगातार अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक दर्ज किया गया। दिन के साथ रातें भी गर्म हो रहीं हैं। न्यूनतम तापमान भी लगातार 30 डिग्री के पार दर्ज हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गर्मी से लोग परेशान

मौसम विभाग आगरा में ठंडी तेज हवाएं व बूंदाबांदी की संभावना तो जता रहा है, लेकिन न तो बूंदाबांदी हो रही है और न ही ठंडी हवाएं चलने का नाम ले रही हैं। सुबह आठ बजे से ही धूप में खड़ा नहीं हुआ जाता है। 11 बजे के बाद तो लोगों ने घर और कार्यालयों से निकलना तक बंद कर दिया है। लोग केवल जरूरी काम से ही बाहर निकल रहे हैं।

22 तक मानसून दे सकता है दस्तक

देश में मानसून दस्तक दे चुका है। केरल से मुंबई होता हआ मानसून आज भोपाल तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार आगरा में मानसून 22 जून या माह के अंतिम सप्ताह तक पहुंच सकता है।

गर्मी में हीट स्ट्रोक से करें बचाव

आगरा। आगराइट्स भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। ऐसे में गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर दी है। चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ। आरसी पांडेय ने बताया कि लू (हीट स्ट्रोक) जून माह में चलती है, इससे स्वास्थ्य को काफी नुकसान हो सकता है। इसलिए इन दिनों लू से बचाव करें। यदि कोई परेशानी हो तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर सलाह लें। जिला व ब्लॉक स्तर पर इलाज की समुचित व्यवस्था हेतु ओआरएस एवं आईवी फ्लूड आदि का पर्याप्त स्टॉक करा दिया गया है। मच्छरों से बचाव हेतु फॉगिंग व लार्वा साइडल स्प्रे नियमित रूप से किया जा रहा है। महामारी की दशा में त्वरित कार्यवाही हेतु रैपिड रिस्पांस टीम का गठन कर दिया गया है।

लू से बचाव के लिए बरतें ये सावधानियां

- खुले शरीर धूप में न निकलें। खासकर खुले सिर व नंगे पैर धूप में बाहर कतई न जाएं।

- धूप में बाहर निकलना ही पड़े तो सिर अवश्य ढकें। आंखों पर सनग्लासेस लगाएं। हो सके तो सफेद या हल्के रंग के कॉटन के कपड़े ही पहनें।

- अचानक ठंडी जगह से एकदम गर्म जगह न जाएं। खासकर एसी में बैठे रहने के बाद तुरंत धूप में न निकलें।

- कूलर व एसी के सामने से हटकर एकदम से बाहर न जाएं।

- गर्मी के मौसम में चाय-कॉफी आदि गर्म पेय का सेवन अत्यंत कम कर देना चाहिए। साथ ही मसालेदार चीजें भी कम खाएं।

- गíमयों में प्यास बुझाने के लिए नींबू के रस में मिट्टी के घड़े अथवा सुराही के पानी का सेवन करवाना चाहिए।

- अत्याधिक बर्फ का पानी पीने से लाभ के बजाय हानि हो सकती है।

- गर्मी के दिनों में हल्का व शीघ्र पचने वाला भोजन करना चाहिए। बाहर जाते समय खाली पेट नहीं जाना चाहिए।

- गर्मी के दिनों में बार-बार पानी पीते रहना चाहिए, ताकि शरीर में पानी की कमी नहीं होने पाए। पानी में नींबू व नमक मिलाकर दिन में दो-तीन बार पीते रहने से लू नहीं लगती।

- गर्मी के दौरान नरम, मुलायम, सूती कपड़े पहनना चाहिए, जिससे हवा और कपड़े शरीर के पसीने को सोखते रहते हैं।

- गर्मी में ठंडाई का सेवन नियमित करना चाहिए। मौसमी फलों का सेवन भी लाभदायक रहता है जैसे खरबूजा, तरबूज, अंगूर इत्यादि।

लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयारियां कर ली गई हैं। समस्त स्टाफ को सक्रिय रहने व विपरीत परिस्थितियों में तत्काल राहत देने के लिए प्रशिक्षित किया गया है।

-डॉ। आरसी पांडेय, सीएमओ