आगरा। आगरा में जनकपुरी महोत्सव इस बार दयालबाग में सौ फुटा रोड पर आयोजित होगा। जनकपुरी महोत्सव के कार्यालय का उद्घाटन पहले ही हो चुका है। 21 से 23 सितंबर चलने वाले महोत्सव में जनक महल को आकर्षक रूप में सजाने के लिए नई थीम तय की जा रही है। थीम को मूर्तरूप देने के लिए कारीगर बाहर से बुलाए जाएंगे। कोरोना महामारी के चलते जनकपुरी महोत्सव दो वर्ष तक आयोजित नहीं हुआ था।

जनकपुरी को देंगे ऐतिहासिक रूप
जनकपुरी महोत्सव समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी सुरेश चंद गर्ग ने प्रभु श्री राम की तस्वीर पर माल्यार्पण कर स्वागत समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जनकपुरी उत्तर भारत का सबसे बड़ा सांस्कृतिक महोत्सव है। जनकपुरी की अद्भुत छटा को निहारने के लिए दूर-दूर से लाखों लोग आते हैं। जनक परिवार के साथ मिलकर इस बार के जनकपुरी महोत्सव को ऐतिहासिक रूप प्रदान करने का पूर्ण प्रयास किया जाएगा। महामंत्री राजीव जैसवाल ने समारोह का संचालन किया।

आज होगा जनकमहल का भूमि पूजन
संयोजक भरत शर्मा ने बताया कि जनकपुरी क्षेत्र में महोत्सव के प्रति क्षेत्रवासियों का उत्साह दिनों दिन बढ़ रहा है। मंगलम शिला के बराबर में जनक महल बनाने का कार्य शुरू हो चुका है। 17 अगस्त यानि बुधवार को सुबह 8.30 बजे से महोत्सव समिति के सभी पदाधिकारी जनक परिवार के साथ मिलकर जनक महल के लिए भूमि पूजन करेंगे।