आगरा: सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान राजनेता, उद्यमी अमर सिंह ने शनिवार आखिरी सांस ली। उनकी मृत्यु की खबर से आगरा में शोक की लहर है। शहर के उद्यमी और समाजसेवी जितेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि राज्यसभा सदस्य को आगरा से खास लगाव था। वे शहर में राजनैतिक प्रयोजनों के अलावा भी पारिवारिक और सामाजिक आयोजनों में हिस्सा लेते थे।

क्षत्रिय समाज को किया एकजुट

सत्ता के गलियारे में अत्यधिक प्रभाव रखने वाले और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के करीबी रहे राज्यसभा सदस्य अमर सिंह की सामाजिक सरोकारों में बराबर की भागेदारी रहती थी। जितेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि क्षत्रिय समाज को जोड़ने में राज्यसभा सांसद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनका जाना समाज के लिए एक बडी क्षति है। आगरा प्रवास के दौरान वे बाग फरजाना स्थित जितेंद्र सिंह चौहान के निवास पर कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों से मुलाकात करते थे। भाजपा महिला मोर्चा ब्रजक्षेत्र की अध्यक्ष बबिता चौहान ने राज्यसभा सदस्य के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

सड़क पर उतरे थे 'सितारे'

आगरा: 2014 के लोकसभा चुनाव में वे फतेहपुर सीकरी सीट से प्रत्याशी बने। उनके लिए बॉलीवुड के सितारे सड़कों पर उतर आए थे। नामचीन अभिनेत्रियां तपती दोपहरी में उनके लिए वोट मांगने के लिए तंग गलियों में घूमी थीं। ये अलग बात है कि ग्लैमर का तड़का वोटों में तब्दील नहीं हो पाया। अमर सिंह चौथे नंबर पर रहे। बता दें कि 2014 में फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से रालोद के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा। अमर सिंह के प्रचार में अभिनेत्री जयप्रदा, श्रीदेवी, असरानी, ¨डपल कपाडि़या, रजा मुराद, महिमा चौधरी, बोनी कपूर सरीखे कलाकार भी चुनाव प्रचार को आए। अमर सिंह की हॉलीवुड में भी पकड़ थी। दिसंबर 2015 में 'द लॉर्ड आफॅ द ¨रग्स' से युवाओं के दिलों पर छाए हॉलीवुड अभिनेता ऑरलैंडों ब्लूम को ताजमहल दिखाने आए थे। इसके बाद वे आगरा नहीं आए।