झलकारी नगर, आनंद नगर व ऐलान नगर के वाशिंदों में आक्रोश

महिलाओं ने निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

फिरोजाबाद। काफी समय से विकास कार्यो की मांग कर रहे लोगों का धैर्य आखिरकार शुक्रवार को जवाब दे ही गया। शहर के मोहल्ला झलकारी नगर, आनंद नगर, ऐलान नगर के वाशिंदें सड़क पर उतर आए। आक्रोशित महिलाएं एकत्रित होकर पार्षद के साथ नगर निगम पहुंच गई। महिलाओं ने निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनका घेराव किया। नगरायुक्त को ज्ञापन दिया। आयुक्त के आश्वासन पर महिलाएं शांत हुई

काफी समय से झेल रहे दंश

मोहल्ला झलकारी नगर, आनंद नगर एवं ऐलान नगर में पिछले काफी समय से लोग सड़क, गली निर्माण के लिए तरस रहे हैं। जगह-जगह जलभराव होने के कारण गलियां दलदल का रूप धारण कर चुकी हैं। इसके कारण मकान भी धाराशाई होने लगे हैं। मोहल्ला झलकारी नगर स्थित गली नंबर पांच एवं सात का तो बहुत बुरा हाल है। यहां जलभराव होने के कारण लोगों को आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है। इसी तरह का हाल वार्ड के अन्य मोहल्लों का भी है। क्षेत्रीय लोगों ने कई बार इस संबंध में शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन अभी तक विकास कार्य नहीं किए गए। शुक्रवार को क्षेत्र की महिलाओं का गुस्सा अचानक भड़कने लगा। सभी एकजुट होकर सुबह नगर निगम पहुंच गईं। महिलाओं के साथ क्षेत्रीय पार्षद मनोज शंखवार भी थे। गुस्साई महिलाओं ने मेयर नूतन राठौर एवं नगर आयुक्त विजय कुमार के कार्यालय के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी।

दलदल में रहने को मजबूर

बाद में महिलाओं ने पार्षद के नेतृत्व में कार्यालय पहुंचकर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के निराकरण की मांग की। गुस्साई महिलाओं का कहना था कि वह पिछले दो साल से गली में दलदल के बीच रहने को मजबूर हैं। गली नंबर पांच व सात का दो वर्ष पूर्व निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन बाद में संबंधित ठेकेदार ब्लेक लिस्टेड कर दिया। इससे काम बंद हो गया। इसके बाद री-टेंडर प्रक्रिया नहीं कराई गई है। पार्षद शंखवार ने कहा कि समस्याओं को लेकर अब लोगों का धैर्य जवाब देता जा रहा है। यदि शीघ्र ही समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो एक बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।