-शू-एक्सपोर्ट् फैमिली के नजदीक रहा है युवक, शू-कंपनी में है मैनेजर

-शुक्रवार को 39 पेशेंट की रिपोर्ट जांच के लिए भेजी गई थी, एक पॉजिटिव

-देर रात आगरा पहुंचे प्रमुख सचिव, हेल्थ डिपार्टमेंट की तैयारियों को लिया जायजा

आगरा: शनिवार को आगरा में एक और पेशेंट में कोरोनावायरस के लक्षण मिले हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हेल्थ विभाग के साथ-साथ शहर में सनसनी है। वहीं देर रात शासन से पहुंचे प्रमुख सचिव हेल्थ अमित मोहन प्रसाद ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। आगरा में अब तक 6 पेशेंट में कोविड-19 की पुष्टि हो चुकी है।

एक और पॉजिटिव

आगरा में कोरोना का प्रकोप दिनोंदिन बढ़ रह है। शनिवार को एक और पेशेंट में नोवेल कोरोना (कोविड 19) की पुष्टि हुई है। शुक्रवार को जांच के लिए किंग जार्ज मेडिकल यूनीवर्सिटी लखनऊ भेजे गए 39 सैंपल से में एक सैंपल पॉजिटिव पाया गया है। कोविड 19 की चपेट में आए आगरा के 2 शू एक्सपोर्टर समेत परिवार के 5 पेशेंट पहले ही दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पीटल में ट्रीटमेंट ले रहे हैं। रविवार को जिस पेशेंट में कोविड 19 पॉजिटिव पाया गया वो शू-एक्सपोर्टर फैमिली के संपर्क मे था। और शू-एक्सपोर्टर की कंपनी में मैनेजर था। पेशेंट को जिला अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।

प्रमुख सचिव पहुंचे आगरा

आगरा में हेल्थ अलर्ट के बाद देर रात हेल्थ विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद आगरा पहुंचे। उन्होंने सर्वप्रथम जिला अस्पताल पहुंचकर हेल्थ डिपार्टमेंट की तैयारियों को खंगाला। आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्थाओं को परखा। प्रमुख सचिव के साथ कमिश्नर अनिल कुमार, डीएम प्रभु एन सिंह, सीएमओ डॉ। मुकेश वत्स, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ। एसके वर्मा आदि इस दौरान मौजूद थे। प्रमुख सचिव ने रैपिड रिस्पांस टीम को रिस्पांस टाइम को मैनेज करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने प्रमुख सचिव को आगरा में अब तक डिटेक्ट हुए कोरोना पेशेंट और उनकी प्रोफाइल के बारे में जानकारी दी। प्रमुख सचिव ने सर्किट हाउस में हेल्थ डिपार्टमेंट की तैयारियों को खंगाला।

संदेह के घेरे में डॉक्टर

13 दिन बाद हिंदुस्तान लौटी आगरा की एक डॉक्टर को लेकर हेल्थ डिपार्टमेंट अलर्ट है। कोरोनावायरस की आशंका के चलते हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम ने डॉक्टर की जांच कर सैंपल लखनऊ स्थित किंग जार्ज मेडिकल यूनीवर्सिटी भेजा था। हालांकि सैंपल निगेटिव आने के बाद विभाग ने राहत की सांस ली है। ऐहतियातन जिला प्रशासन के निर्देशन में डॉक्टर हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम के अंडर ऑब्जर्वेशन में हैं। वहीं कोरोना के कहर के चलते शहर में हेल्थ अलर्ट जारी है। डीएम प्रभु एन सिंह ने सभी हॉस्पिटल को आइसोलेशन वार्ड बनाने के आदेश दिए हैं।

---

आगरा में एक अन्य पेशेंट में कोविड 19 की पुष्टि हुई है। अब तक आगरा में कोरोनावायरस के 6 पेशेंट डिटेक्ट हो गए हैं। जिनमें से 5 का इलाज दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। जबकि रविवार को डिटेक्ट हुए पेशेंट को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।

-प्रभु एन सिंह, जिलाधिकारी, आगरा