आगरा: स्वास्थ्य विभाग ने ताजमहल पर तैनात 125 कर्मचारियों का शुक्रवार को एंटीजन टेस्ट किया। इनमें से मात्र दो कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने इन दोनों कर्मचारियों को शनिवार से ड्यूटी पर आने से रोक दिया है।

कोरोना के बढ़ते हुए संक्रमण के चलते संस्कृति मंत्रालय के निर्देश पर एएसआइ ने 17 मार्च को ताजमहल समेत देशभर के सभी स्मारक बंद कर दिए थे। 21 सितंबर को ताजमहल पर्यटकों के लिए खोला गया। एएसआइ ने जिला प्रशासन से ताजमहल पर तैनात कर्मचारियों की कोरोना जांच कराने का अनुरोध किया था। शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी रहती है। एएसआइ, सुरक्षा एजेंसी एसआइएस के कर्मचारियों के साथ ही और ठेके पर तैनात सफाईकर्मियों को जांच के लिए शुक्रवार को बुलाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां 125 कर्मचारियों का एंटीजन टेस्ट किया।

अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि इस जांच में एकसुरक्षाकर्मी और एक सफाईकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। दोनों को शनिवार से ड्यूटी पर आने से रोक दिया गया है।

कम कर्मचारियों से चला रहे काम

ताजमहल के पूर्वी व पश्चिमी गेट पर सात-सात टर्न स्टाइल गेट लगे हैं। मगर, दो-दो गेट ही खोले गए हैं। एक पाली में दोनों गेट पर चार कर्मचारी ही तैनात हैं। पूर्वी गेट पर थर्मल डिवाइस लगाए जाने से मैनुअली थर्मल स्क्रीनिंग की जरूरत नहीं रही। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) के जवान पीपीई किट पहनकर पर्यटकों की स्पर्श मुक्त सुरक्षा जांच कर रहे हैं।