आगरा। थाना शाहगंज के वायु विहार में बीएसएफ जवान के घर में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार रात को चार बदमाशों का पुलिस से आमना-सामना हो गया, फायरिंग में मुठभेड़ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिए गया। जवाबी फायरिंग में पुलिस टीम ने भी गोलियां चलाईं। इसमें दो बदमाश घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस टीम ने की बदमाशों की घेराबंदी
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि एसओजी और स्वॉट टीम के साथ शाहगंज पुलिस को वायु विहार में बीएसएफ जवान के घर में हुई लूट के खुलासे के लिए लगाया गया था। शुक्रवार रात को सूचना मिली कि गैंग वायु विहार क्षेत्र में एक और वारदात को अंजाम देने वाला है। इस पर पुलिस टीम पहुंच गई। बदमाशों की घेराबंदी कर ली गई। उनसे आत्मसमर्पण के लिए कहा गया। मगर, वो भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग करने लगे।

मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के लगी गोली
पुलिस ने अपना बचाव करते हुए जवाब में गोलियां चलाईं। इसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। बदमाशों ने अपने नाम इरशाद और निजाम बताए। दोनों फिरोजाबाद के रामगढ़ स्थित अब्बास नगर के रहने वाले हैं। उन्हें अस्पताल के लिए भेजा गया। वहीं उनके साथी फिरोजाबाद निवासी संजू और बाबा उर्फ अजमेरुद्दीन फरार हो गए। बाद में घेराबंदी करके उन्हें भी पकड़ लिया गया। उनके पास से एक बाइक, तीन तमंचे, कारतूस बरामद किए गए।

पकड़े गए आरोपियों की क्राइम हिस्ट्री
पुलिस मुठभेड़ में पकड़ गए आरोपियों द्वारा पूर्व में भी लूट और चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। दोनों शातिरों पर छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य वारदातों के बारे में उनसे पूछताछ कर रही है। फिलहाल उनको एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।


वायु विहार में बदमाशों के मूवमेंट की जानकारी मिली थी, पुलिस और एसओजी टीम ने बदमाशों को घेर लिया। जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, इससे वे दोनों घायल हो गए। टीम ने उनके साथ दो अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया।
विकास कुमार, एसपी सिटी