आगरा। बल्केश्वर की श्रमिक कॉलोनी में बुधवार की रात को कूलर के विवाद में महिला बीमा एजेंट की पड़ोसी दंपत्ति और उसके बेटों ने हत्या कर दी थी। पुलिस इंवेस्टीगेशन में सामने आया है कि आरोपियों ने महिला के बेटे के सामने राजीनामा कर लिया था। उसके नौकरी के लिए दिल्ली जाते ही मां व बहन को अकेला पाकर धावा बोल दिया। उसकी सरिया से प्रहार करके हत्या कर दी। पुलिस हत्याकांड में आरोपी चारों लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

पहले से चल रहा था विवाद

श्रमिक कॉलोनी निवासी बीमा एजेंट कांता देवी का भूतल पर रहने वाले मान सिंह से विवाद चल रहा था। मान सिंह अपनी छत पर रखा कूलर हटाने का दबाव कांता देवी पर बना रहा था। जबकि कांता देवी का कहना था कि मान सिंह ने अतिक्रमण करके छत बनाई हुई है। उन्होंने कूलर अपने कमरे की खिड़की पर रखा हुआ है। बुधवार की रात को मान सिंह उसकी पत्नी रेनू भाटिया और बेटों सिमरनजीत सिंह व हरवंश सिंह ने कांता देवी और उनकी बेटी दीक्षा सिंह पर हमला बोल दिया था।

दूसरे दिन ही बोला हमला

कांता देवी के परिजन ने बताया घटना से चार दिन पहले विवाद होने पर मामला पुलिस तक पहुंचा था। घटना से तीन दिन पहले आरोपियों ने कांता देवी के बेटे विजय बालेचा के सामने राजीनामा कर लिया था। बेटा दिल्ली में एक कंपनी में काम करता है। उसके जाने के दूसरे दिन ही आरोपियों ने दोबारा हमला बोल दिया। कांता देवी के सिर पर सरिया मारकर उनकी हत्या कर दी। बेटी दीक्षा को भी घायल कर दिया। इंस्पेक्टर कमला नगर ने बताया हत्याकांड में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।