- बारिश में भीगने से बचें

- कमजोर हो सकती है इम्युनिटी

आगरा। कोरोना संक्रमण के बीच आगरा में प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम अचानक ठंडा हो गया है। ऐसे में लोगों को अपनी सेहत का विशेष ख्याल रखने की जरूरत है। इस वक्त बारिश में भीगने से बचना चाहिए।

मास्क अवश्य पहनें

एसएन मेडिकल कॉलेज के डॉ। प्रभात अग्रवाल ने बताया कि बारिश में भीगने से पूरी तरह से बचें। यदि किसी को सर्दी-जुकाम हो रहा है, तो शुरूआती दौर में ही वह डॉक्टर से सलाह लेकर दवाएं लें। इसके साथ ही मास्क पहनना और दो गज की दूरी का अवश्य पालन करें। उन्होंने कहा कि बारिश में बैक्टीरिया जल्दी पनपता है इसलिए मास्क आपको बैक्टीरियल इंफेक्शन से भी बचाएगा।

हाईजीन का रखें ख्याल

मानसून के मौसम में हाईजीन बरकरार रखें। खाने से पहले हाथ जरूर धोएं। जब भी छींक या खांसी आए, तुरंत वॉशरूम जाकर हाथ धोएं। ज्यादातर लोग इस वक्त घर में रह रहे हैं। इसलिए घर के वातावरण का जीवाणु रहित होना जरूरी है। घर में अच्छा वेंटिलेशन रखें। इंडोर एयर क्वॉलिटी यानी आईएक्यू को अच्छा रखें। घर में कहीं भी फंगस या काई न जमने दें। इससे नमी बढ़ती है, जिससे संक्रमण की आशंका बढ़ती है। इस मौसम में मच्छर और बीमारियां बढ़ने का खतरा भी बढ़ जाता है। कोशिश करें कि घर के आसपास बारिश का पानी न जमा होने पाए।

इन बातों का रखें ध्यान

-हाईजीन बरकरार रखें।

-खाने से पहले हाथ जरूर धोएं।

-हाथों को भी साफ करते रहें।

-मास्क पहनकर रखें

-पानी खूब पिएं

-नींद पर्याप्त मात्रा में लें