AGRA: शुक्रवार को बाह के जरार में शुरू हुए प्रदेश के पहले इंटरनेशनल बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल में पहले दिन देशी-विदेशी पक्षी विशेषज्ञों ने विलुप्त होते पक्षियों के नए ठिकानों की तलाश की। पहला दिन पक्षी विशेषज्ञों के लिए रोमांच भरा रहा। आज शनिवार को सुबह 10.55 बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जरार बाह के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके अलावा प्रदेश के वन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव एवं जन्तु उद्यान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री बलिया के प्रभारी मंत्री डॉ। शिव प्रसाद यादव के अलावा मुख्य सचिव आलोक रंजन भी शिरकत करेंगे।

विशेषज्ञों ने किए अनुभव साझा

सुबह से देश-विदेश के पक्षी विशेषज्ञ मोटर वोट में सवार होकर अपने कैमरों के साथ निकल पड़े। सबसे पहले सूर्योदय के साथ पक्षी विशेषज्ञ पक्षियों को देखने के लिए चम्बल सेन्चुरी के नन्दगवां घाट पर पहुंचे। यहां से छह मोटर बोट में सवार होकर चम्बल नदी में पांच से सात किमी का सफर किया। चम्बल के जल में क्रीड़ा करते घडि़याल दिखे। चम्बल की बालू पर घडि़याल और व उनके बच्चे धूप सेंकते हुए मिले। पक्षी विषेशज्ञ चम्बल का आसमान ताकते रहे। जो भी चिडि़या दिखी उनकी तस्वीर कैमरे में उतार ली। दो घंटे की बर्ड वॉचिंग ट्रिप के बाद पक्षी विशेषज्ञों की प्रतिक्रिया बेहद उत्साहजनक रही। यूके की जैकी कार्नर ने चम्बल के प्राकृतिक सौन्दर्य को आश्चर्यजनक और खूबसूरत बताया। वहीं यूके की ही करौल इनस्किप ने चम्बल वेली को लाजवाब बताया। लेकिन ब‌र्ड्स कम दिखने पर निराशा जाहिर की। दिल्ली बर्ड ग्रुप की डॉ। नीलम खोसला ने बताया कि कई तरह के पक्षी देखने को मिले। चम्बल का वातावरण शान्त और अच्छा है। पर्यावरण के लिहाज से चम्बल लाजवाब है।

ऐसा होगा सीएम का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इटावा से हेलीकॉप्टर से 10.55 बजे बाह के जरार स्थित सिद्धराज महाविद्यालय पर बनाए गए हैलीपेड पर लैडिंग करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे से 1.30 बजे बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल में शिरकत करेंगे। वे 1.30 बजे हेलीपैड जरार चम्बल सफारी से प्रस्थान कर 1.40 बजे जैतपुर हैलीपेड पहुंचेंगे। जहां से कार द्वारा प्रस्थान कर दोपहर दो बजे चम्बल वन्य जीव विहार पहुंचकर चम्बल वन्य जीव विहार का भ्रमण करेंगे। यहां से दोपहर 3.50 बजे इटावा के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।