आगरा(ब्यूरो)। 2014 और 2024 के आंकड़े पेश करते हुए भाजपा ने देश की बदलती तस्वीर को सामने रखा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने के लिए लोकसभा चुनाव में सहयोग मांगा।

पहले बैंकों में लगती थी लाइन
कोठी मीना बाजार में आयोजित अनुसूूचित जाति महासम्मेलन में सुबह से लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। दोपहर करीब 1.43 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सीएम योगी आदित्यनाथ मंच पर पहुंचे। इससे पहले अनुसूचित जाति महासम्मेलन के मंच पर भाजपा ने अपनी उपलब्धियों को वीडियो के माध्यम से गिनाया। वीडियो में दिखाया गया कि 2014 से पूर्व भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर पर दुनिया सवाल उठाती थी। आज देश में जम्मू-कश्मीर में चिनाब नदी पर बना दुनिया का सबसे ऊंचा पुल, हिमाचल प्रदेश के रोहतांग में विश्व की सबसे लंबी अटल सुरंग और गुजरात के केवडिय़ा में दुनिया का सबसे ऊंचा स्टेच्यू आफ यूनिटी है। 2014 में बैंकों में लंबी लाइन लगती थीं। आज भारतवासी ऑनलाइन भुगतान और कैशलेस व्यापार कर रहे हैं। छोटे शहरों में नए स्टार्टअप हो रहे हैं। वर्ष 2014 में देश में 74 एयरपोर्ट थे, आज 149 एयरपोर्ट हैं।

कम भीड़ ने बढ़ाई नेताओं की टेंशन
अनुसूचित जाति महासम्मेलन में एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने का दावा करने वाले नेता महासम्मेलन में कम पहुंची भीड़ को लेकर टेंशन में दिखे। दोपहर 1.15 बजे तक कोठी मीना बाजार में मंच के सामने पांडाल में भीड़ थी, लेकिन दाएं और बाएं पंडाल में लगी कुर्सी खाली पड़ी थीं। सीएम और राष्ट्रीय अध्यक्ष के पहुंचने के बाद भी पंडाल में कई कुर्सी खाली ही रहीं। कम भीड़ को लेकर भाजपा नेताओं के बीच में चर्चा बनी रही।

एमजी रोड समेत अन्य रूट पर रेंगते रहे वाहन
शहर में भाजपा के अनुसूचित जाति महासम्मेलन के चलते पुलिस द्वारा मार्ग परिवर्तन का असर एमजी रोड समेत पूरे शहर पर दिखाई दिया। दिनभर ट्रैफिक रेंग- रेंगकर चला। सभा समाप्ति के बाद कई क्षेत्रों में लंबा जाम लग गया। सुभाष पार्क तिराहा, पचकुइयां चौराहा, हरीपर्वत, शाहगंज आदि क्षेत्रों में दस मिनट का रास्ता तय करने में वाहन चालकों को एक घंटा से अधिक का समय लग गया। दोपहर 12 बजे से बंद हुए रास्ते तीन बजे के करीब सभा समाप्ति के बाद खोल दिए गए। हजारों की भीड़ के एक साथ निकलने के कारण बोदला, पचकुइयां, लोहामंडी, शाहगंज आदि क्षेत्रों में लंबा जाम लग गया।

सभा स्थल के सामने लहराए काले कोट
वकील सुनील शर्मा की मौत के दोषियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित वकीलों ने सुबह दीवानी के चारों गेटों पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। कुछ वकील मुख्यमंत्री से मिलने के लिए कोठी मीना बाजार पहुंच गए। पुलिस के रोकने पर सम्मेलन स्थल के बाहर काले कोट लहरा कर प्रदर्शन किया। पुलिस सबको हिरासत में लेकर ट्रांसयमुना थाने आ गई।

डॉ। भीमराव अंबेडकर के नाम पर मेट्रो स्टेशन
आगरा। लोकसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में मेट्रो स्टेशन का नामकरण डॉ। भीमराव अंबेडकर के नाम पर करने की घोषणा कर अनुसूचित जाति के मतदाताओं को लुभाने का दांव चला। अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। चक्कीपाट, काजीपाड़ा में मिठाई बांटी गई। अध्यक्ष आशीष ङ्क्षप्रस ने कहा कि संघर्ष की जीत हुई है। एसबी दिनकर, राहुल वरुण, अरुण सोनी, शारदा देवी, मुकेश वरुण, विवेक बौद्ध, विजयकांत, राकेश राज, मोहिनी कुमारी आदि ने खुशी जताई।

तीसरा स्टेशन जिसका नाम बदला
आगरा में यह तीसरी बार है, जब किसी मेट्रो स्टेशन का नाम बदला गया हो। सबसे पहले मुख्यमंत्री ने उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) को जामा मस्जिद स्टेशन का नाम मन:कामेश्वर मंदिर करने के निर्देश दिए थे। दूसरी बार विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल द्वारा विधानसभा में रखे गए प्रस्ताव पर बसई स्टेशन का नामकरण शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के नाम पर किया गया था।

5198 करोड़ की 124 विकास योजनाओं का हुआ शुभारंभ
सम्मेलन में सीएम और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से बटन दबाकर कोठी मीना बाजार मैदान से 5198 करोड़ की 124 विकास योजनाओं का शुभारंभ किया।

इनकी रही मंच पर मौजूदगी
राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा लाल सिंह आर्य, राष्ट्रीय महामंत्री एवं अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी तरुण चुघ, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी सतीशा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी वैजयंत जय पांडा, मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, राजस्थान के डिप्टी सीएम डॉ। प्रेम सिंह बेरवा, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो। एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, मेयर हेमलता दिवाकर, विधायक धर्मपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, जिला अध्यक्ष गिर्राज कुशवाहा, मीडिया प्रभारी नवल तिवारी और सुनील करमचंदानी आदि मौजूद रहे।