-मंत्रियों और विधायकों की परफार्मेस पर भी कर सकते हैं विचार विमर्श

देहराूदन, मिशन 2022 पर सभी पार्टियां जुट गई हैं। इसी क्रम में सत्ताधारी पार्टी ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य में बीजेपी आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मुहर लगाने जा रही है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर पार्टी की चुनावी तैयारी का जायजा लेंगे। दो दिन में छह बैठकों के दौरान वह न केवल प्रदेश बीजेपी संगठन व सरकार की तैयारियों को टटोलेंगे, बल्कि विभिन्न स्रोत से हासिल फीडबैक के आधार पर जरूरी दिशा-निर्देश भी देंगे। बताया जा रहा है कि वे मंत्रियों और विधायकों की परफार्मेस रिपोर्ट पर भी इन बैठकों में विचार विमर्श कर सकते हैं।

मिशन 2022 फतह की तैयारियां

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव को सीमित छह-सात महीने रह गए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि जनवरी-फरवरी में विस चुनाव संभावित हो सकते हैं। चुनाव के वक्त सीमित रह गया है। बीजेपी ताकत झोंकने पर जुट गई है। हालांकि, इस बीच बीजेपी ने दो बार सत्ता परिवर्तन भी कर डाला है। इधर, बीते जून में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष भी प्रदेश भाजपा की चुनावी तैयारी का जायजा ले चुके हैं। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एक तरह से चुनावी रणनीति पर मुहर लगाने के लिए उत्तराखंड आ रहे हैं। वहीं, सूत्र बताते हैं कि भाजपा चुनावी राज्यों में लगातार सर्वे करा रही है।

सुबह 10 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे नड्डा

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार सुबह साढे़ 10 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। जिनका स्वागत खुद सीएम पुष्कर सिंह धामी व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक करेंगे। इसके बाद नड्डा हरिद्वार के लिए सड़क मार्ग से रवाना होंगे। हरिद्वार स्थित एक होटल में दोपहर दो बजे नड्डा पहली बैठक प्रदेश पदाधिकारियों,जिलाध्यक्ष व महामंत्रियों की लेंगे। जबकि शाम साढे़ पांच बजे भाजपा अध्यक्ष मंत्रियों व समितियों की बैठक लेंगे, जबकि सवा सात बजे से टोली बैठक होगी। शनिवार को वे सुबह 10 बजे रायवाला में पूर्व सैनिकों से संवाद एवं सैनिक सम्मान कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद नड्डा पौने 12 बजे हरिद्वार स्थित होटल में जनप्रतिनिधियों की बैठक लेंगे। दोपहर दो बजे कोर ग्रुप की बैठक होगी। शाम को वह दिल्ली रवाना हो जाएंगे।