- शहर और देहत में प्रमुख चौराहों पर लगाई गई बैरीकेडिंग

- घरों से बिना वजह निकले लोगों को अफसरों ने लौटाया

आगरा। ताजनगरी में सोमवार को लॉकडाउन होने पर जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया। सेक्टर स्कीम लागू कर दी गई। जगह-जगह बेरीकेडिंग लगाकर सड़कों से गुजरने वाले लोगों से पूछताछ के बाद उन्हें जाने दिया। शहर के हर चौराहे पर दो ट्रैफिककर्मियों और सब इंस्पेक्टर की तैनाती रही। शहर और ग्रामीण एरिया के 108 स्थानों को चिह्नित किया गया। जहां पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।

भारी वाहनाें पर लगाया गया प्रतिबंध

शहर में 25 मार्च तक के लॉकडाउन की घोषणा के बाद पुलिस प्रशासन ने भी मोर्चा संभाल लिया है। शहर में सेक्टर स्कीम लागू कर दी गई है। शहर की सीमाओं को भी सील किया गया है। इसके साथ ही अन्य जनपदों से आने वाले वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। केवल आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को प्रवेश दिया गया। सुबह से ही कानपुर रोड से शहर में आने वाले वाहनों को एत्मादपुर बॉर्डर पर रोका गया, तो वहीं मथुरा से आने वाले अनावश्यक वाहन मथुरा-आगरा की सीमा पर रोक दिए गए। पुलिस ने बेरीकेडिंग लगाकर सीमाएं सील कीं।

लोगों को लौटाया

अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों को रोका गया। दयालबाग मोड़ से भगवान टॉकीज चौराहे पर भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। कॉलोनियों में दुकानों के बाहर ग्रुप बनाकर खड़े लोगों को घरों में जाने के निर्देश दिए। रोड पर निकलने वाले केवल उन्हीं लोगों को जाने की इजाजत दी गई जो आवश्यक सेवा में लगे हुए थे, उन्हें जाने का कारण बताना पड़ा।

आला अफसरों ने संभाला मोर्चा

एसएसपी बबलू कुमार, एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद अधीनस्थों के साथ सड़कों पर नजर आए। एसपी सिटी ने सड़कों पर चल रहे वाहनों को रोककर चेकिंग की। उनसे पूछताछ की कि लॉकडाउन के बाद आखिरकार वह घर से क्यों निकले हैं। इतना ही नहीं जो लोग अनावश्यक रूप से घूम रहे थे, एसपी सिटी ने उन्हें घर में रहने की हिदायत दी। वापस घर भेज दिया गया।

शहर में 108 स्थानों पर पुलिस तैनात है और अधिकारी निगरानी कर रहे हैं। रात की गश्त भी तेज कर दी गई है। आवश्यक सेवाओं में लगे लोगों के कार्ड जारी होंगे और वो ही सड़कों पर घूम सकेंगे। अनावश्यक रूप से घूमने वाले पकड़े गए तो उन पर कार्रवाई संभव है।

रोहन प्रमोद बोत्रे, एसपी सिटी

सीमाएं सील कर दी गई हैं, ऐसे लोग जो आवश्यक कार्य से घरों से निकले हैं। उन्हें परिचय पत्र या आने का कारण पूछने के बाद आने दिया जा रहा है। इसके साथ ही इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी।

बबलू कुमार, एसएसपी