-कोरोनावायरस के अलर्ट को लेकर जिला प्रशासन ने दिए थे आदेश

- खाली पड़े रहे रेस्टोरेंट्स और मॉल

आगरा : कोरोनावायरस को लेकर हर तरफ दहशत का माहौल है। लेकिन प्रशासन इससे लड़ने के लिए डटा हुआ है। जिला प्रशासन ने रविवार को सिटी के सभी सिनेमाघरों को बंद करने के आदेश दिए। इसके चलते सोमवार को सिटी के सभी सिनेमाघर बंद रहे। हर रोज बॉक्स ऑफिस के काउंटर पर दर्शकों की भीड़ लगी रहती है। लेकिन सोमवार को कोरोनावायरस अलर्ट के चलते बॉक्स ऑफिस के काउंटर बंद रहे।

कुछ लोग पहुंच गए सिनेमाघर

सिटी में कोरोनावायरस का असर जरूर हो, लेकिन आगरा में कुछ लोग एंटरटेनमेंट के काफी दीवाने हैं। वे सोमवार को बॉक्स ऑफिस के काउंटर तक पहुंच गये। उन्हें वहां जाकर पता चला कि सिनेमाघर अब बंद हो गए हैं। इसके बाद वे मॉल में ही मस्ती करते दिखे।

डेली होगा लाखों का नुकसान

आगरा में चार मल्टीप्लेक्स और लगभग दस सिनेमाघर हैं। इनमें डेली चार शो चलते हैं। हर शो में हजारों लोग सिनेमा का लुत्फ उठाते हैं। सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स का कारोबार सिटी में करोड़ों रुपये का होता है। हर शो में लाखों रुपये का कारोबार होता है बॉक्स ऑफिस के बंद होने के बाद इसका पूरा कारोबार बंद हो जाएगा। सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स को इससे डेली लाखों रुपये का नुकसान होगा।

कोरोनावायरस के चलते सिटी के सभी सिनेमाघरों को बंद करने के निर्देश मिले हैं। इसका पालन किया जा रहा है। इससे डेली लाखों का नुकसान तो होगा। लेकिन अपनी हेल्थ की सुरक्षा पहले है।

- सुरेंद्र पाठक, मैनेजर गोल्ड सिनेमा

बैंकों में सेनिटाइज करा हो रही एंट्री

कोरोनावायरस को लेकर सभी लोग सतर्क हैं। सिटी के बैंकों में भी कोरोनावायरस को लेकर अलर्ट है। यहां पर सभी बैंक कर्मचारी हाइजीन और सेल्फ प्रोटेक्शन का ख्याल रख रहे हैं। सभी मास्क लगाकर ही बैंक में काम कर रहे हैं। इसके साथ ही किसी-किसी बैंक में तो ग्राहकों के हाथों को हैंड सैनिटाइजर से हाथ सेनिटाइज कराकर ही एंट्री दी जा रही है।

खाली रहे रेस्टोरेंट्स

कोरोनावायरस के अलर्ट के चलते सिटी में सन्नाटा छाया हुआ है। सिटी के शॉपिंग मॉल्स से लेकर रेस्टोरेंट्स तक में काफी कम लोग दिखाई दे रहे हैं। सिटी के कई रेस्टोरेंट्स में अब टेबल खाली पड़े हुए हैं। जिन रेस्टोरेंट्स में कभी टेबल खाली नहीं मिलते थे। आज वहां पर ज्यादातर टेबल्स खाली पड़े हैं।