- एत्माद्उद्दौला में महिला की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा

- आरोपी प्रेमी और उसके भाई को किया गिरफ्तार

आगरा। एत्माद्उद्दौला के विद्या नगर में महिला की हत्या के आरोप में पुलिस ने प्रेमी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने पुलिस हिरासत में अपना जुर्म कुबूल लिया। प्रेमी ने महिला के पैर पकड़े थे और उसके भाई ने दुपट्टे से गला घोंट दिया था। मंगलवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

पहले खुद को बताया था पति

विद्या नगर में रविवार शाम 40 वर्षीय पुष्पा का शव घर में चारपाई पर मिला था। वह मथुरा के बल्देव में कचनाऊ निवासी मुकेश और उसके भाई राजपाल के साथ रहती थी। मुकेश ने खुद को महिला का पति बताया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि मुकेश महिला का प्रेमी है। वो महिला को पांच वर्ष पहले उसकी ससुराल बल्देव के गढ़ी सहीराम से ले आया था। गांव में उसके चार बच्चे भी थे। महिला के बेटे सूरज ने सोमवार को एत्माद्उद्दौला थाने में हत्या का मुकदमा लिखाया।

शव ठिकाने लगाने की फिराक में थे

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी महिला की मृत्यु का कारण गला घोंटना बताया गया। पुलिस ने इसके बाद सोमवार शाम को मुकेश गिरफ्तार कर लिया। सोमवार देर रात मुकेश के भाई राजपाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में राजपाल ने बताया कि मुकेश को पुष्पा के अन्य युवकों से संबंध होने का शक था। इसीलिए उसी ने हत्या की साजिश रची थी। इसमें उसे भी शामिल किया था। हत्या करने के बाद बीमारी से मौत बताकर वे शव को ठिकाने लगाना चाहते थे। तब तक पड़ोसियों ने पुलिस को बुला लिया। इसीलिए वह भाग गया था।