- मुठभेड़ में गोली लगने के बाद घायल हत्यारोपी हिस्ट्रीशीटर ने कबूली घटना

- साली से इकतरफा प्यार करता था जीजा, बाकी आरोपियों की तलाश

फीरोजाबाद। 27 जून की सुबह सिरसागंज में मंगनी वाले दिन हुई आढ़तिया की हत्या उसकी मंगेतर के जीजा ने करवाई थी। पुलिस ने मुठभेड़ में हत्यारोपी को गिरफ्तार करने के बाद घटना का पर्दाफाश किया है। मुठभेड़ में हत्यारोपित हिस्ट्रीशीटर के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके साथी फरार हो गए हैं।

लगुन सगाई वाले दिन हुई थी हत्या

शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव रामकुंआ निवासी आढ़तिया पवन सिंह जादौन (25) अरांव रोड सिरसागंज में रहता था। 27 जून की शाम सिरसागंज के ही गांव सारख से लड़की वाले लगुन, सगाई के लिए आने वाले थे। पवन सुबह 4.20 बजे बाइक से सिरसागंज मंडी समिति से सब्जियों की खरीदारी करने जा रहा था। इस बीच इटावा रोड पर मंडी से पहले बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। हत्यारे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। एसएसपी अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि सोमवार रात लगभग 1.45 बजे सिरसागंज के करहल रोड पर हुई पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल सुखवीर उर्फ सुखिया उर्फ श्यामलाल निवासी उरावर, नगला खंगर ने घटना स्वीकार की। उन्होंने बताया कि आढ़तिया पवन की मंगेतर से उसका जीजा यजुर्वेंद्र उर्फ करू निवासी उरमुरा शिकोहाबाद इकतरफा प्यार करता था। शादी रोकने के लिए साली के मंगेतर की हत्या की साजिश रची, जिसमें उसका दोस्त इंद्रजीत निवासी चितावली शिकोहाबाद भी था। यजुर्वेंद्र ने उसकी मदद से पांच लाख रुपये की सुपारी सजैती, जसराना के बदमाश योगेश यादव को दी थी। हत्या में उसके अलावा अमन यादव उर्फ बब्बन, निवासी नगला महारास नगला खंगर तथा राजीव यादव निवासी चंद्रहंस की मढैया नगला खंगर भी थे। सुखवीर ने बताया कि उसने आढ़तिया की रेकी की थी। एसएसपी ने बताया कि घायल सुखवीर को पुलिस अभिरक्षा में सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। हिस्ट्रीशीटर सुखवीर के खिलाफ फीरोजाबाद और सिकंदराराऊ के थानों में नौ मुकदमे दर्ज हैं। यजुवेंद्र, इंद्रजीत, योगेश, अमन यादव व राजीव यादव की तलाश है। वार्ता के समय एसपी ग्रामीण डॉ। अखिलेश नारायण सिंह भी थे।

- सिकंदराराऊ में पूर्व प्रधान की भी की थी हत्या -

गिरफ्तार सुखवीर ने बताया कि उसने सवा माह पहले अपने साथी अमन और राजीव यादव के साथ मिलकर सिकंदराराऊ के गांव कमालपुर निवासी पूर्व प्रधान राम खिलाड़ी यादव की भी सुपारी लेकर गोली मारकर हत्या कर दी थी।