आगरा। कल्याणकारी महिला समिति की सचिव डॉ। अपर्णा पोद्दार ने बताया कि जब महिलाओं ने सैनिकों को हाथ से बने स्वेटर दिए। तभी इंदिरा अवस्थी, शशि प्रभा बंसल और मनोरमा जैन ने अपनी साथियों के साथ मिलकर कल्याणकारी महिला समिति का गठन किया। इसके बाद शहर की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों को लेकर यह प्रदर्शनी आगरा क्लब में आयोजित होने लगी। उन्होंने बताया कि महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए इस प्रयास को प्रोत्साहन मिलने लगा। इसके बाद 1976 से यह भव्य मेला की तरह आयोजित होने लगा।

प्रदर्शनी का 47वां एडिशन
मेला संयोजक नीलिमा पाटनी ने बताया कि इस बार समिति की ओर से 47वीं हस्तकला प्रदर्शनी का आयोजन हो रहा है। इसमें राजस्थान, पंजाब, मध्यप्रदेश, गुजरात जैसे विभिन्न राज्यों की कला और संस्कृति नजर आएगी। प्रदर्शनी का शुभारंभ आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ। प्रीति सुबह 9 बजे करेंगी। संध्या काल में सांस्कृतिक कार्यक्रम व दोपहर में बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

तिरंगा थीम पर सज रहा मेला
प्रदर्शनी स्थल पर सोमवार को आगरा क्लब ग्राउंड में प्रदर्शनी का पोस्टर विमोचन किया गया। इसमें समिति की अध्यक्ष डॉ। पारुल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अशु मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदर्शनी के पांडाल को अमृत महोत्सव को ध्यान में रखते हुए तिरंगे रंगों से भव्य रूप प्रदान किया गया है। शाम को उमंग आजादी की थीम पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएगा। सांस्कृतिक समारोह का शुभारंभ एडीजे आशुतोष पांडे करेंगे। इस अवसर पर स्पेशल गेस्ट पूरन डावर व डॉ। रंजना बंसल रहेंगे।

महिलाओं द्वारा ही होता है पूरा आयोजन
संस्था की अध्यक्ष डॉ। पारुल अग्रवाल ने बताया कि यह पूरा आयोजन महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है। पूरा आयोजन महिलाओं द्वारा ही किया जाता है। इस बार मेले में विभिन्न प्रांतों की लगभग 125 स्टॉल महिलाओं द्वारा ही लगाई जाएगी। इसमें आकर्षक परिधान, ज्वैलरी, दीपक, वंदनबार, डेकोरेटिव दीपक आदि सहित रसोई से लेकर ड्राइंग रूम तक के लिए सभी उत्पाद होंगे। दोपहर में बच्चों के लिए ड्राइंग, नृत्य व महिलाओं के लिए वंदनबार सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी से अर्जित आय को संस्था निर्बल व बेसहारा वर्ग की सहायता हेतु खर्च करती है।