-छत पर क्षमता से ज्यादा लोगों को जुटाने में गई दो लोगों की जान

-सर्राफ ने रूफ टाप पार्टी के लिए किराए पर दिया था मकान

आगरा: ताजगंज के धांधूपुरा स्थित आरपी नगर में दो मंजिला मकान की छत ढहने के मामले में पुलिस ने जन्मदिन की पार्टी रखने वाले युवक, मकान मालिक और दो अन्य नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का मानना है कि इन लोगों ने लापरवाही बरती। इससे दो लोगों की जान चली गई। इसी साल खरीदा था मकान

सीओ सदर राजीव कुमार ने बताया कि मामले में तोरा चौकी प्रभारी मोहित सिंह की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें मकान मालिक गजेंद्र हरि, उसके भाई गोपाल, जन्मदिन की पार्टी करने वाले अनिकेत, उसके भाई पंकज व अन्य को नामजद किया है। आरोपियों पर गैर इरादतन हत्या, धारा 144 का उल्लघंन और महामारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने छानबीन में पाया कि गजेंद्र ने इसी साल यह मकान खरीदा था।

------

30 साल पुरानी है कालोनी

आरपी नगर कालोनी 30 साल से ज्यादा पुरानी है। पुलिस की छानबीन में सामने आया कि जिस मकान की छत गिरी, वह कई बार बिक चुका है। यह मकान पुलिसकर्मी सत्तार का था। इसे उन्होंने ट्रांस यमुना कालोनी निवासी सीमा मलिक को बेच दिया। सीमा ने कुछ साल बाद इसे मोहित शर्मा को बेच दिया। मोहित ने मकान पर बैंक से कर्ज लिया हुआ था। किस्त न चुकाने पर बैंक ने मकान को अपने कब्जे में लेने के बाद नीलाम कर दिया। इसे कोलकाता के किसी व्यक्ति ने खरीद लिया। इसी साल यह मकान सर्राफ गजेंद्र ने खरीदा था।

यह है मामला

धांधूपुरा निवासी अनिकेत चौधरी ने अपने जन्मदिन पर सोमवार रात को आरपी नगर में रूफ टाप पार्टी रखी थी। इसके लिए गजेंद्र वर्मा का दो मंजिला मकान लिया था। छत पर डीजे लगाया गया। इस पर दर्जनों युवक डांस कर रहे थे। इसी दौरान छत ढह गई। हादसे में धांधूपुरा निवासी मंजीत चौधरी और नगला टीन के रहने वाले अरुण की मौत हो गई, 14 अन्य घायल हो गए थे।

---

तोरा चौकी प्रभारी मोहित सिंह की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें मकान मालिक गजेंद्र हरि, उसके भाई गोपाल, जन्मदिन की पार्टी करने वाले अनिकेत, उसके भाई पंकज व अन्य को नामजद किया है।

-राजीव कुमार, सीओ सदर