आगरा। गैलाना में किशोरी की हत्या के मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। शुरूआती जांच में कुछ लीड्स मिली हैं। इन पर पुलिस की कई टीमें काम कर रहीं हैं। अधिकारियों के अनुसार जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। इसके साथ ही घटना की इंवेस्टीगेशन को समय से पूरा कर मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाया जाएगा। एक महीने के अंदर ही घटना के आरोपी को सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

शौच के लिए निकली थी अकेली

गैलाना में रहने वाली किशोरी के पिता आईएसबीटी के पास सब्जी की ठेल लगाते हैं। जंगल के सहारे ही उनका घर है। किशोरी की मां ने बताया कि दोपहर करीब ढाई बजे वह नहा रही थीं। तभी किशोरी शौच के लिए जंगल में अकेली गई थी। एक घंटे तक किशोरी घर लौटकर नहीं आई तो मां ने अनहोनी की आंशका व्यक्त की। इसके बाद मां और पिता ने तलाश शुरू कर दी।

चप्पल और खाली बोतल से दूर मिल शव

गांव में एक-एक घर में जाकर पूछ लिया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। तब उन्होंने जंगल में जाकर देखा। जंगल में किशोरी की एक चप्पल और पानी की खाली बोतल मिल गई। मां और पिता के साथ गांव के अन्य लोग भी किशोरी की जंगल में तलाश करने लगे। लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लग सका।

चरवाहे ने दी शव की जानकारी

किशोरी के घर से कुछ दूरी पर चरवाहे ने बच्ची की मां को बताया कि किसी बच्ची का शव जंगल के तालाब में पड़ा है। शाम चार बजे परिजन और ग्रामीण वहां पहुंचे। किशोरी का शव पानी में पड़ा था। तालाब में एक से दो फीट ही पानी था। इसलिए वह ऊपर ही दिख रहा था। शरीर के नीचे के हिस्से के कपड़े गायब थे। शव की हालत देखकर लोगों में आक्रोश भड़क गया। ग्रामीण बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका व्यक्त कर हत्या की बात कर रहे थे।

किशोरी की हत्या पर पहुंचे एडीजी, एसएसपी

किशारी की हत्या की खबर पर एडीजी राजीव कृष्ण, एसएसपी बबलू कुमार, एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद सहित कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। वहीं फील्ड यूनिट और डाग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की, वहीं पुलिस की टीमों ने साक्ष्य भी जमा किए।

ग्रामीणों ने शव ले जाने का किया विरोध

हत्या के बाद शव को जांच के लिए भेजा गया। वहीं जैसे ही शव को तालाब से बाहर निकाला गया तो ऑटो में रख दिया। ग्रामीणों ने शव ले जाने का विरोध किया और हंगामा शुरू कर दिया। परिजन और ग्रामीणों का कहना था कि किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। उन्होंने हत्यारोपी को गिरफ्तारी करने की मांग की।

ग्रामीणों को पुलिस ने दिया आश्वासन

भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल भी मौके पर पहुंच गए। भाजपा विधायक और पुलिस ने परिजन और ग्रामीणों को समझाकर किसी तरह किशोरी का शव गांव से बाहर निकाला। एडीजी जोन राजीव कृष्ण, आइजी रेंज ए सतीश गणेश और एसएसपी बबलू कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही घटना के जल्द खुलासे का आश्वासन दिया।

एसपी सिटी के नेतृत्व में चार टीमों का गठन

किशोरी की हतया के मामले में एसएसपी बबलू कुमार ने एसपी सिटी के नेतृत्व में चार पुलिस की टीमों का गठन किया है। जिसमें क्राइम ब्रांच, एसओजी, सर्वलांश और स्वॉट टीम घटना का पर्दाफाश करेगी।

मौके से बरामद किए पुलिस ने साक्ष्य

किशोरी की हत्या को लेकर पुलिस ने मौके से कई साक्ष्य जमा किए है, इसके साथ ही मौका मुआयना के दौरान किशोरी की चप्पल और बोतल झाडि़यों में मिली। जबकि शव पानी पड़ा मिला। अंदाजा लगाया जा रहा है कि दुष्कर्म के बाद पहचान होने पर आरोपी द्वारा हत्या की गई होगी, गला घोटकर हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है।

बॉक्स

केस बनेगा नजीर

एडीजी राजीव कृष्ण ने बताया कि घटना के आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही मामले को फास्टट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा। एक महीने के अंदर ही आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। जिससे केस एक नजीर बने। कोई और आगे इस तरह की घटना करने की हिम्मत नहीं जुटा सके।

वर्जन

किशोरी की हत्या का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर के अनुसार मुकदमा दर्ज किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। किशोरी शौच के लिए जंगल गई थी, मामले की जांच की जा रही, साक्ष्य जुटाए गए हैं।

बबलू कुमार,एसएसपी

घटना में कुछ शुरूआती जानकारी मिली है। इन जानकारियों पर कई टीमें काम कर रहीं हैं। जल्द ही हम आरोपी को पकड़ में कामयाब होंगे। साथ ही इंवेस्टीगेशन को समय से पूरा कर आरोपी को फास्टट्रैक कोर्ट में जल्द से जल्द सजा दिलाएंगे।

राजीव कृष्ण, एडीजी, आगरा जोन