- सीबीएसई के 12वीं के नतीजों में स्कूलों में केंद्रीय विद्यालयों ने शानदार प्रदर्शन

- मैदान की तुलना में पहाड़ की स्थिति कहीं बेहतर, रुद्रप्रयाग जिले का सबसे बेस्ट रिजल्ट

देहरादून,

सीबीएसई के 12वीं के नतीजों में स्कूलों में केंद्रीय विद्यालयों ने शानदार प्रदर्शन किया है। पास परसेंट में केवि अन्य स्कूलों से काफी आगे रहे। जबकि निजी स्कूल हर बार की तरह पिछड़ गए हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय और तिब्बती स्कूल भी अच्छा रिजल्ट देने में कामयाब हुए।

देहरादून रीजन का सुधरा रिजल्ट

केंद्रीय विद्यालय संगठन देहरादून संभाग में 42 केंद्रीय विद्यालय हैं। इनमें से अभी 40 स्कूलों का परिणाम जारी किया गया है। संभाग का पास परसेंट 100 परसेंट रहा है। यह पिछले साल की तुलना में 0.49 परसेंट ज्यादा है।

राजीव गांधी नवोदय विद्यालय का भी बेहतर रिजल्ट

तपोवन स्थित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय की छात्रा प्रगति थपलियाल ने स्कूल स्तर पर सबसे ज्यादा 95 परसेंट अंक हासिल किए। इसके अलावा आशुतोष सती ने 94.8, तनु जोशी ने 94.4, प्राची पंवार ने 92.6 और निखिल कुमार 89.6 परसेंट अंक हासिल किए। स्कूल के प्रिंसिपल गिरीश चंद्र थपलियाल ने बताया कि सभी स्टूडेंट्स का प्रदर्शन बेहतर रहा।

पहाड़ी जिलों का रिकॉर्ड शानदार

देहरादून रीजन में उत्तराखंड का दबदबा कायम है। उत्तराखंड के पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों का प्रदर्शन शानदार रहा है। मैदान की तुलना में पहाड़ की स्थिति कहीं बेहतर दिखाई पड़ रही है। रुद्रप्रयाग पहाड़ी जिले का पास परसेंट 99 परसेंट के साथ प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा है। देहरादून का रिजल्ट 94.84 रहा है। अल्मोडा, बागेश्वर, पौड़ी, नैनीताल जिले देहरादून से आगे हैं।

एनआइईपीवीडी का उत्कृष्ट प्रदर्शन

राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान (एनआइईपीवीडी) के स्टूडेंट्स ने इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। राजपुर रोड स्थित एनआइईपीवीडी के 16 छात्र व चार छात्राओं समेत कुल 20 छात्रों में से 19 ने 80 परसेंट से अधिक अंक हासिल किए। संस्थान से राउफ ने सर्वाधिक 96.5 परसेंट अंक हासिल किए। नीरू दास ने 96.4, विकास चौधरी ने 95.6, जबकि धमेंद्र कुमार 95 फीसद अंक प्राप्त किए।

स्कूलों के रिजल्ट-

संस्थान-रजिस्टर्ड छात्र-परीक्षा में सम्मलित-पास- पास परसेंट

शासकीय स्कूल-1702-1697-1685-99.29

निजी स्कूल-60026-57223-56358-98.49

जवाहर नवोदय विद्यालय-1168-1167-1167-100

केंद्रीय विद्यालय-4370-4291-4291-100

तिब्बती स्कूल-155-153-153-100