आगरा। शनिवार को नगर आयुक्त निखिल टीकाराम फुंडे ने सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए निरीक्षण किया। उन्हें कहीं सफाई मिली, तो कहीं गंदगी। गंदगी मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए तुरंत सफाई के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अधीनस्थों को स्पष्ट रुप से कहा कि कहीं गंदगी नजर नहीं आनी चाहिए। सबसे पहले उन्होंने बकरीद के मौके पर जामा मस्जिद का जायजा लिया। वहां सफाई व्यवस्था ठीक मिली। वहीं बिजलीघर चौराहे पर डलाबघर भरा हुआ था। यहां एक सीवर का मेनहोल भी खुला पड़ा था। उन्होंने तुरंत व्यवस्था सुधार के निर्देश दिए। चक्कीपाट एरिया में गंदगी मिली। इस पर उन्होंने डलाबघरों से तुरन्त कूड़ा उठाने के निर्देश दिए।

यहां मिली गड़बड़ी

नगर आयुक्त को औचक निरीक्षण में जैन दादाबाड़ी के सामने डस्टबिन भरा मिला। बाहर कूड़ा फैला हुआ था। शाहगंज के राजीव सिनेमा के पास गंदगी मिली। रुई की मंडी चौराहे पर एक डस्टबिन सड़क के बीच में रखा हुआ था। कूड़ा सड़क पर बिखर रहा था। बालूगंज पेट्रोलपंप के पास गंदगी मिली। बैनारा फैक्ट्री के पास सिल्ट पड़ी हुई थी। उसे उठाने के निर्देश दिए। इसके अलावा कोठी मीना बाजार, रामलीला मैदान, वाटर व‌र्क्स चौराहे के पास नियमित सफाई के निर्देश दिए। बारहखंबा क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर गंदगी मिली। खतैना नाले के पास कूड़ा बिखरा पड़ा था। जयपुर हाउस में शांति स्वीट्स के पास सफाई नहीं मिली। कोठी मीना बाजार और गजानन नगर में डलाबघर की स्थिति ठीक नहीं मिली। इस दौरान रामनगर की पुलिया, शंकरगढ़ की पुलिया, पृथ्वीनाथ फाटक, टाटा गेट तक निरीक्षण किया। ईदगाह, नामनेर और कमाल खां में भी सफाई के निर्देश दिए।