आगरा : नए साल का पहला दिन जम्मू और शिमला से भी ठंडा रहा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

नए साल के पहले दिन जम्मू का तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा, शिमला का 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सुबह कोहरा छाने के साथ सर्द हवा चलती, ठंड में कंपकंपी छूटने लगी। न्यूनतम तापमान सामान्य सात डिग्री सेल्सियस से पांच डिग्री सेल्सियस कम दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर में धूप निकलने के बाद भी सर्दी से राहत नहीं मिली। शाम को बर्फीली हवा चलने लगी। नए साल पर कड़ाके की ठंड में लोग ठिठुरते रहे। इससे अधिकतम तापमान सामान्य 22 डिग्री सेल्सियस से चार डिग्री सेल्सियस कम 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आज हो सकती है बारिश, तापमान में होगी बढ़ोत्तरी

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को बारिश हो सकती है। मगर, तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। रविवार को भी बारिश की संभावना है, न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।