आगरा ( ब्यूरो). दिसंबर शुरू होते ही शीतलहर ने ताजनगरी में दस्तक दे दी है। गुरुवार को सुबह से ही शहर में बूंदाबांदी शुरू हो गई। दिन भर रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। इससे सर्दी बढ़ गई, धूप नहीं निकली। शाम होते ही सर्द हवा चलने से कंपकंपी छूटने लगी। तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार से सुबह और रात में घना कोहरा छाएगा।
रुक-रुक कर होती रही बारिश
सुबह छह बजे से बूंदाबांदी शुरू हो गई। आठ बजे तक बूंदाबांदी हुई, इसके बाद बादल छा गए। पूरे दिन धूप नहीं निकली, सुबह का तापमान भी बढ़ गया। न्यूनतम तापमान सामान्य 9.7 डिग्री सेल्सियस से छह डिग्री सेल्सियस अधिक 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 10 बजे के बाद रुक-रुक कर बारिश होती रही। शाम चार बजे के बाद बूंदाबांदी फिर शुरू हो गई। दयालबाग, कमला नगर, बल्केश्वर, भगवान टाकीज, अर्जुन नगर, सिकंदरा, ताजगंज सहित अधिकांश इलाकों में रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। इससे सर्दी और बढ़ गई। रात में बूंदाबांदी के साथ सर्द हवा चलने से कंपकंपी छूटने लगी। अधिकतम तापमान सामान्य 16.4 से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विजिबिलिटी होगी कम
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से सुबह और रात में घना कोहरा छाएगा। इससे तापमान में भी गिरावट आएगी। आठ दिसंबर तक कोहरा छाएगा, इससे सुबह का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

धूप निकलने पर ही टहलने जाएं
एसएन के टीबी एंड चेस्ट डिपार्टमेंट के अध्यक्ष डॉ। संतोष कुमार ने बताया कि दिसंबर में कोहरा छाया रहता है। कोहरे में सांस संबंधी बीमारियों से पीडि़त मरीज सुबह टहलने न जाएं, धूप निकलने पर ही घर से बाहर निकलें। कोहरे में प्रदूषण का स्तर बढऩे से अस्थमा रोगियों को अटैक पड़ सकता है।