- धूप खिलने के बाद भी सर्दी से नहीं मिली राहत

- सामान्य से छह डिग्री कम रहा अधिकतम तापमान

आगरा। गलन भरी सर्दी और सर्द हवा ने दिन भर लोगों को बेहाल किया। दोपहर में धूप तो खिली लेकिन लोगों ने ज्यादा राहत महसूस नहीं की। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को धुंध छाई रह सकती है।

बुधवार सुबह जब लोगों की आंख खुली तो हल्की-हल्की धुंध छाई हुई थी। सर्द हवा चलने के कारण नौ बजे तक मौसम साफ हो गया। दोपहर 12 बजे तक धूप निकल आई थी। मगर, इसके बाद भी लोगों ने ठंड में राहत महसूस नहीं की। गलन भरी सर्दी से लोगों का हाल खराब रहा। आलम यह रहा कि घर और कार्यालय में लोगों को हीटर का सहारा लेना पड़ा। सड़कों पर भी कम लोग दिखाई दिए। शाम को सर्द हवा तेज हो गई, रात में शीत लहर से सर्दी चुभने लगी। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 17.2 दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार सुबह कोहरा धुंध छाएगी। दोपहर में धूप निकलेगी।