कोहरे की चादर में ताजनगरी, सामान्य से नौ डिग्री नीचे पहुंचा पारा

पिछले साल के मुकाबले इस बार दिन में ज्यादा लुढ़क रहा पारा

आगरा। चक्रवाती हवाओं ने बुधवार को कड़ाके की सर्दी का अहसास कराया। दिन भर कोहरे की चादर छाई रही। सतह से बेहद कम ऊंचाई तक बादलों के रहने के कारण कोहरा छाया रहा और तापमान सामान्य से नौ डिग्री तक नीचे चला गया। दिन और रात के तापमान के बीच काफी कम अंतर रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान जहां 14.2 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा। यह भी सामान्य से एक डिग्री कम था।

सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। दृश्यता शून्य रही। आठ बजे के बाद बादल छंटने लगे, लेकिन 12 बजे तक धुंध छाई रही। दोपहर डेढ़ बजे के बाद धूप निकली लेकिन सर्दी से राहत नहीं मिल सकी। शाम चार बजे के बाद धुंध छाने के साथ शीत लहर चलने लगी।

--------

गलन भर सर्दी की वजह चक्रवाती ठंडी हवाएं

दयालबाग शिक्षण संस्थान के पर्यावरण वैज्ञानिक डॉ। रंजीत कुमार ने बताया कि पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से उत्तर पश्चिम की ओर ठंडी हवा चल रही है। आगरा में अधिकतम आ‌र्द्रता 95 से 100 फीसद के बीच दर्ज की जा रही है। वहीं, निचली सतह पर तापमान कम है, जिससे चक्रवाती हवाएं गलन पैदा कर रही हैं। दोपहर में धूप निकलने के बाद भी गलन भरी सर्दी पड़ रही है।

--------

घरों में हुए कैद, चाय और कॉफी की चुस्की

सुबह से घना कोहरा छाने और गलन भरी सर्दी में लोग घरों में कैद रहे, 12 बजे तक लोग घर से बाहर निकलने का मन नहीं बना सके। चाय और कॉफी की चुस्की के साथ मोबाइल और टीवी पर चिपके रहे। दफ्तरों में लोग हीटर जलाकर बैठे रहे, आम दिनों की तुलना में कार्यालयों में लोगों की संख्या भी कम रही। दोपहर में धूप निकलने पर घरों की छतों में बैठ गए, कार्यालय के बाहर लोग धूप में खड़े रहे।

30 दिसंबर को बारिश के आसार, गिरेगा पारा

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 26 दिसंबर को घना कोहरा छा सकता है, इससे तापमान में गिरावट आएगी। 29 दिसंबर तक कोहरा छाया रहेगा। 30 दिसंबर से घने बादल छाएंगे और बारिश हो सकती है। 31 दिसंबर को भी बारिश की आशंका है। इससे न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक पहुंच सकता है।

--------

पिछले साल की तुलना में अधिकतम तापमान में गिरावट

25 दिसंबर, 2018 को अधिकतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, न्यूनतम तापमान 5 डिग्री था। पिछले साल की तुलना में न्यूनतम तापमान बढ़ा है, इस साल न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री दर्ज किया गया। मगर, अधिकतम तापमान में गिरावट आई है, इस साल अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री दर्ज किया गया।