- सुबह साढ़े सात बजे से शुरू हुआ हंगामा, ढाई बजे तक चलता रहा

- आईडीएच से वाहन निकालने का वाल्मीकि समाज ने किया विरोध

- हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंचा पुलिस फोर्स, निगम के अधिकारी

आगरा। सफाई कर्मचारियों के काम पर लौटने को लेकर शनिवार को विवाद हो गया। कोठी मीना बाजार स्थित नगर निगम की कर्मशाला आईडीएच से जैसे ही वाहन निकले, वाल्मीकि समाज के लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। जमकर हंगामा किया। वाहनों के साथ पुलिस टीम पर भी पथराव किया। पचकुइयां चौराहे से कोठी मीना बाजार मैदान तक हंगामा चलता रहा। उपद्रवियों ने रेलवे ट्रैक से पत्थर फेंके। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठियां फटकारी तो वे मौके से भाग खड़े हुए। इसके अलावा शहर में कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हुआ। शहर में चौथे दिन भी कूड़ा नहीं उठा, हालांकि नगर निगम के अफसरों का दावा है कि कुछ स्थानों से कूड़ा उठाया गया।

वाहन चालक को पीटने की धमकी

सफाई कर्मचारियों के एक गुट ने महापंचायत के फैसले का विरोध किया था। महापंचायत का पुतला फूंक कर विरोध जताया। शनिवार सुबह सात बजे सहा। नगर आयुक्त अनुपम शुक्ला आईडीएच कोठी मीना बाजार पहुंचे। उन्होंने यहां से कचरे के वाहनों को निकलवाना शुरू किया, तो राजनगर, लोहामंडी व आईडीएच के आसपास रहने वाले वाल्मीकियों ने विरोध करना शुरू कर दिया। वाहन चालकों को पीटने की धमकी देते हुए पथराव शुरू कर दिया। इस पर टास्क फोर्स के सहयोग से सहायक नगर आयुक्त अनुपम शुक्ला ने कमान संभाल ली। उन्होंने डंडा लेकर विरोध प्रदर्शन करने वालों को दौड़ा लिया। इस दौरान रोड जाम हो गया।

फिर से शुरू हो गया पथराव

पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ देर के लिए मामला शांत हो गया। गाडि़यों को निकला जा रहा था। तभी फिर से प्रदर्शनकारी एकजुट होकर सामने आ गए। पथराव शुरू कर दिया। इससे भगदड़ मच गई। पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर चढ़कर पथराव करने वालों का खदेड़ा। इसके बाद मौके पर अपर नगर आयुक्त केबी। सिंह और एसपी सिटी, व अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान सहा। नगर आयुक्त अनुपम शुक्ला ने अपने नेतृत्व में कुछ डलावघरों से कूड़ा उठवाया।

काम शुरू करने पर बनी थी सहमति

हाथरस प्रकरण को लेकर शुक्रवार को नगर आयुक्त और सफाई कर्मचारियों के संगठनों के बीच सíकट हाउस में मीटिंग हुई थी। उसमें यह निर्णय लिया गया था कि शनिवार से सफाई कर्मचारी कार्य करेंगे। इसके बाद ही एक गुट शुक्रवार सुबह से काम पर पहुंचा था। दूसरे गुट ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। महापंचायत के फैसले का विरोध करते हुए कई स्थानों पर काम बंद करा दिया। जबकि, वाल्मीकि महापंचायत के पदाधिकारी चौ। मान सिंह और श्याम करुणेश ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की थी। वहीं, श्रीकांत गुट के लोग इस फैसले से सहमत नहीं है। इस गुट ने शहर में सफाई व्यवस्था का विरोध किया है।

सेनेटरी इंस्पेक्टर से भी अभद्रता

सदर भट्टी में काम कर रहे कर्मचारियों को काम करने से रोक दिया गया। सुपरवाइजर बॉबी की पिटाई लगा दी गई। उसे बचाने आए उसके साथी बंटू की भी पिटाई कर दी। सेनेटरी इंस्पेक्टर संजीव यादव के साथ अभद्रता कर दी। यहां तक कि सफाई कर्मचारियों ने सेनेटाइजेशन का काम भी नहीं करने दिया। इस मामले में सेनेटरी इंस्पेक्टर द्वारा मामले की जानकारी नगर आयुक्त निखिल टीकाराम फुंडे को दी गई। नगर आयुक्त ने इस बारे मे एसएसपी बबलू कुमार को अवगत कराते हुए पुलिस मदद की मांग की।

सफाई कर्मचारियों को किया चिह्नित

इस मामले में नगर निगम के अफसरों द्वारा तकरीबन डेढ़ दर्जन सफाई कर्मचारियों को चिह्नित किया गया है। जो हंगामा करने में सहयोग कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो इनकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जल्द ही नगर आयुक्त इस पर निर्णय लेकर कार्रवाई कर सकते हैं।

---------------------

गली-मोहल्लों में लगा कचरे का ढेर

आगरा। हाथरस प्रकरण को लेकर शहर में हो रहे विरोध के चलते सफाई व्यवस्था ठप है। यहां तक कि स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 के तीसरे और अंतिम चरण की शुरुआत ठीक नहीं रही है। तीन दिनों से कूड़े का उठान नहीं किया गया है। नगर निगम के सौ वार्ड में 2300 टन कूड़ा पड़ा है। हाथरस प्रकरण के चलते बीते गुरुवार को 3900 सफाई कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर थे। शुक्रवार को हड़ताल पर रहे। इससे दोनों दिन कूड़े का उठान नहीं हो सका। एक दिन में निगम के सौ वार्ड से 800 टन कूड़ा निकलता है। शनिवार को महज 100 टन कूड़े का उठान हुआ फिर जूता मंडी के पास पथराव हो गया। इससे गाडि़यां कुबेरपुर स्थित खत्ताघर नहीं पहुंच सकीं। गली से लेकर रोड तक कूड़ा फैला हुआ है। कंटेनर और हैंगिंग डस्टबिन पूरी तरह से भर गए।

उकसावे में न आएं: डीएम

डीएम प्रभु एन सिंह का कहना है कि शनिवार को उकसावे में आकर वाल्मीकि समाज के कुछ लोगों ने पथराव किया। सफाई कार्य में व्यवधान डाला। जनहित में सफाई कार्य करें। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन ठप

हाथरस प्रकरण के चलते नगर निगम के सौ वार्ड में तीसरे दिन डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन ठप रहा। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। निगम प्रशासन में 300 के आसपास शिकायतें पहुंचीं, जिनका निस्तारण कराया जा रहा है।

रोड और गली में न फेंकें कूड़ा

नगरायुक्त निखिल टीकाराम फुंडे ने लोगों से रोड और गली में कूड़ा न फेंकने की अपील की है। पास ही स्थित डलावघर या फिर निर्धारित स्थल पर ही कूड़ा फेंकें। प्लॉट या फिर अन्य किसी भी स्थल में कूड़ा न फेंकें।