आगरा: पंचायत चुनाव की तैयारियों के लिए कांग्रेस ने रविवार को आगरा, अलीगढ़, कानपुर, झांसी और चित्रकूट मंडल की बैठक की। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पूरे दमखम के साथ पंचायत चुनाव लड़ने की बात कही। पार्टी अपने झंडे व बैनर पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी का झंडा उठाकर चलने वालों को समर्थन दिया जाएगा।

चुनाव की तैयारी की

जयपुर हाउस स्थित महाजन भवन में हुई बैठक में पांचों मंडल के पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, जिला व शहर अध्यक्ष, पूर्व जिला व पूर्व शहर अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों ने शिरकत की। करीब तीन घंटे तक चली बैठक में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पंचायत चुनाव को लेकर दिशा-निर्देश दिए। जनपदों से आए पार्टी पदाधिकारियों से सुझाव भी लिए गए। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, राकेश सचान, लुईस खुर्शीद, जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू, शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू, पूर्व प्रदेश सचिव उपेंद्र सिंह, डॉ। मनोरमा शर्मा, अपूर्व शर्मा, अदनान कुरैशी, अनुज शिवहरे आदि इस दौरान मौजूद थे।

दमखम से लड़ेंगे चुनाव

प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने प्रेसवार्ता में कहा कि पार्टी पंचायत चुनाव पूरे दमखम से लड़ेगी और हर वार्ड में प्रत्याशी खड़े किए जाएंगे। किसान, गांव, गरीब, नौजवान, भ्रष्टाचार और प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या महिला सुरक्षा के मुद्दे को गरीब और खेत-खलिहान तक ले जाकर चुनाव लड़ा जाएगा। आगरा में जिला कार्यकारिणी का गठन नहीं होने और संगठन के कमजोर होने पर उन्होंने कहा कि जिला कमेटियों ने पिछले एक वर्ष में जनसमस्याओं को लेकर कई आंदोलन किए हैं। आगरा में जिलाध्यक्ष अभी नए बने हैं। जिला कार्यकारिणी की घोषणा शीघ्र की जाएगी।

प्रियंका हों मुख्यमंत्री पद का चेहरा

पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने बैठक में वर्ष 2022 में उप्र में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रियंका वाड्रा को पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ को वही हरा सकती हैं।