आगरा। छात्रा द्वारा दोस्ती से मना करने पर युवक ने उसके मोबाइल पर अश्लील वीडियो भेजना शुरू कर दिया। छात्रा द्वारा बदनामी के डर से शिकायत नहीं करने पर आरोपी का दुस्साहस बढ़ गया। उसने वीडियो और व्हाट्सएप कॉल करना शुरू कर दिया। छात्रा द्वारा सामाजिक कार्यकर्ता से मदद मांगने पर उन्होंने डीजीपी और 1090 को ट्वीट किया। शुक्रवार को पीडि़ता ने आइजी रेंज साइबर सेल में शिकायत की।

मामला सदर क्षेत्र की रहने वाली बीए की एक छात्रा का है। एक साल पहले उसके मोबाइल पर अजनबी नंबर से फोन आया था। छात्रा ने कॉल रिसीव करने के बाद रांग नंबर होने पर काट दिया। इसके बाद से युवक उसे कॉल और मैसेज करके दोस्ती का दबाव बनाने लगा। छात्रा ने इंकार कर दिया। उसने बदनामी के डर से पुलिस में भी शिकायत नहीं की। इससे युवक का दुस्साहस बढ़ गया। वह छात्रा को वीडियो और व्हाट्सएप कॉल करने लगा। छात्रा ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। युवक ने दूसरे नंबर से उसे परेशान करना जारी रखा।

युवक ने एक महीने से छात्रा को अश्लील वीडियो भेजना शुरू कर दिया। वह वीडियो भेजने के तत्काल बाद उसे डिलीट कर देता था। इससे छात्रा तनाव में आ गई। मां को इसकी जानकारी दी। सामाजिक कार्यकर्ता नरेश पारस ने बताया कि पीडि़ता ने मामले में उनसे मदद मांगी। उन्होंने डीजीपी, 1090, यूपी व आगरा पुलिस को ट्वीट किया है। आरोपित के खिलाफ आइजी रेंज की साइबर सेल में शिकायत की है।

पीडि़ता ने 1090 में भी की थी शिकायत, नहीं मिली मदद

छात्रा ने अपनी समस्या 1090 पर फोन करके बताई थी। उसे आरोपित द्वारा की गई वीडियो कॉल और अश्लील फोटो स्क्रीन शाट भेजे थे। छात्रा चाहती थी कि पुलिस उसके घर पर न आए और आरोपित को भी सबक मिल जाए। सामाजिक कार्यकर्ता के अनुसार 1090 से छात्रा को मदद नहीं मिलने पर पीडि़ता ने उनसे संपर्क किया।