आगरा। इसे मोदी का क्रेज ही कहें कि सुबह से जमा होना शुरू हुए लोगों ने जैसे ही मोदी का दीदार किया तो उनकी बांछें खिल उठी। मोदी को देखा, उनके साथ भारत माता का जयकारा लगाया और फिर वापस अपनी बसों की ओर लोग लौटने लगे। सुबह से ही लोगों का रैली स्थल पर जमा होना शुरू हो गया है।

छतों पर जमा हुए लोग

रैली जब अपने परवान में चढ़ने लगी तो आस-पास के घरों, अस्पतालों की छतों पर लोगों की भीड़ जमा होना शुरू हो गया। स्थानीय निवासियों ने छतों पर ही नाश्ते के साथ मोदी को सुना और तालियां बजाकर उनकी बात का समर्थन किया।

लगी राजनीति चाय चौपाल

रैली शुरू होने से पहले कोठी मीना बाजार के मैदान के आस-पास चाय चौपाल लगी हुई थी। हर उम्र के वर्ग के लोग गर्म चाय के साथ राजनीति में चल रही उथल-पुथल पर चर्चा कर रहे थे। लोगों में आने वाले चुनाव में किसकी सरकार बननी है, उस पर काफी बहस हो रही थी।

ढोल की थाप पर डांस ने जमाया रंग

रैली में जगह-जगह से इकट्ठे हो रहे लोगों ने माहौल में रंग जमाने के लिए ढोल-नगाड़ों पर खूब डांस भी किया। युवाओं ने नाचने के साथ मोदी-मोदी के नारे लगाए। चुनाव में अपने विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों ने ढोल बजाकर जुलूस निकाला।

बाहर ही उतरवा ली काली शर्ट-जैकेट

मोदी को काले झंडे के डर से पुलिस प्रशासन ने रैली में काले कपड़े पहनकर आए लोगों को भी नहीं बख्शा। रैली में काली शर्ट-जैकेट पहने लोगों को एंट्री नहीं दी गई। उनसे बाहर ही उनके काले कपड़े उतरवा लिए गए। कई लोगों को वापस आने पर अपने कपड़े भी वापस नहीं मिले।

रैली खत्म, ले चलो होर्डिग-झंडे

रैली खत्म होने के तुरंत बाद लोग लगे हुए होर्डिग, झंडे आदि उतार कर ले जाने लगे। कुछ जगहों पर कार्यकर्ताओं और लोगों के बीच हल्की झड़प भी हुई। कार्यकर्ता, लोगों को होर्डिग उतारने के लिए मना कर रहे थे।