-ताजगंज क्षेत्र की घटना, हत्या की आशंका

-ऑटो सवार फेंक गए थे शव, आधार कार्ड से हुई पहचान

आगरा : ताजगंज क्षेत्र में दिगनेर नहर के किनारे बजेहरा गांव में रविवार सुबह ढाबा कर्मचारी का शव पड़ा मिला। जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान ओम प्रकाश अग्रवाल के रूप में हुई। उसकी हत्या की आशंका जताई गई है।

जेब में मिले आधार कार्ड से हुई शिनाख्त

घटना सुबह करीब दस बजे की है। दिगनेर नहर के किनारे गांव बजेहरा के पास ग्रामीणों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा देख इसकी जानकारी पुलिस को दी। सीओ सदर महेश कुमार ने बताया मृतक की जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त ओम प्रकाश (64) निवासी गांव मुबारकपुर, इरादतनगर के रूप में हुई। आधार कार्ड की मदद से गांव मुबारकपुर के लोगों से स्वजन के बारे में पता कराया गया, मगर कोई जानकारी नहीं दे सका। छानबीन में पता चला कि ओम प्रकाश गांव ककुआ में ग्वालियर रोड पर स्थित एक ढाबे पर काम करता था। पुलिस को ढाबा मालिक ने बताया कि शनिवार की सुबह ओम प्रकाश दवा लेन की कहकर गया था। इसके बाद वह नहीं लौटा।

ऑटो चालक पर गहराया शक

वहीं, गांव के कुछ लोगों ने पुलिस को बताया कि जहां ओम प्रकाश का शव मिला, उधर कुछ लोग ऑटो लेकर गए थे। ऑटो से किसी व्यक्ति के दोनों पैर बाहर निकल रहे थे। उस समय किसी ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों को आशंका है कि ऑटो सवार लोग ओम प्रकाश का शव लेकर आए थे। जिसे वहां फेंककर चले गए। ग्रामीणों को आशंका है कि ओम प्रकाश की हत्या की गई है। सीओ सदर महेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृ़त्यु का कारण पता लग सकेगा।