आगरा (ब्यूरो)। दिवाली के बाद मौसम सर्द हो जाएगा। तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ जाएगा और डेंगू का मच्छर प्रजनन करना बंद कर देगा। इसके बाद डेंगू के संक्रमण में भी कमी आएगी। जिला मलेरिया अधिकारी आरके दीक्षित बताते हैैं कि एडीज मच्छर सबसे ज्यादा 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तापमान पर प्रजनन करता है। उन्होंने बताया कि 30 डिग्री सेल्सियस तापमान के नीचे जाने पर इनका प्रजनन रुक जाता है। दिवाली के बाद मौसम ठंडा हो जाएगा तो एडीज मच्छरों का प्रजनन रुक जाएगा।

25 दिन हैैं एडीज मच्छर की लाइफ
डेंगू के संक्रमण को फैलाने वाले एडीज मच्छर की लाइफ 35 से 40 दिन होती है। लेकिन इसकी एवरेज लाइफ 25 दिन मानी गई है। दिवाली के बाद मौसम ठंडा हो जाएगा तो नये मच्छरों का प्रजनन बंद हो जाएगा और पुराने एडीज मच्छर अगले 25 दिन में खत्म हो जाएंगे। डीएमओ ने बताया कि दिवाली के बाद सर्दी आती हैैं तो तुरंत 60 परसेट डेंगू के संक्रमण में कमी आ जाएगी।

खाली हो जाएंगे हॉस्पिटल
सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के डॉ। अजीत सिंह चाहर बताते हैैं कि डेंगू का संक्रमण अक्सर जुलाई से शुरु होकर अक्टूबर तक रहता है। ये सीजन पर आने वाला संक्रमण है। इस बार भी दिवाली के बाद डेंगू का संक्रमण खत्म हो जाएगा। मौसम के ठंडा होते ही तापमान में गिरावट आएगी और डेंगू मच्छर का प्रजनन बंद हो जाएगा। पुराने डेंगू मच्छर भी मर जाएंगे। उन्होंने कहा कि 15 दिन में सभी हॉस्पिटल जो भरे हुए हैैं, वो खाली हो जाएंगे।

कैसे फैलता है डेंगू
डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर जमा पानी में तेजी से पनपते हैं। कूलर का पानी वक्त-वक्त पर बदलते रहना चाहिए। बारिश के बाद का मौसम इन मच्छरों के प्रसार की प्रमुख वजह होता है। एडीज मच्छर खुले और साफ पानी में अंडे देते हैं। 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान में ये अंडे देते हैं। इसके साथ ही डेंगू के मच्छर लिफ्ट और दूसरे साधनों से किसी भी ऊंचाई तक पहुंच सकते हैं और वहां अंडे देकर बीमारी को फैला सकते हैं।

"डेंगू का संक्रमण हमेशा नहीं रहता है। ये एक सीजन पर आता है। जुलाई से अक्टूबर के बीच डेंगू अपने पीक पर होता है। इसके बाद ये खत्म हो जाता है। दिवाली के बाद डेंगू का संक्रमण खत्म हो जाएगा."
-डॉ। अजीत सिंह चाहर, असिस्टेंट प्रोफेसर, मेडिसिन विभाग, एसएनएमसी

"दिवाली के बाद तापमान में कमी आएगी। यदि तापमान 30 डिग्री से कम हो गया तो एडीज मच्छरों का प्रजनन रुक जाएगा। इससे डेंगू के संक्रमण 60 परसेंट तक की गिरावट आएगी."
-आरके दीक्षित, डीएमओ