- अमेरिकी राष्ट्रपति के दौरे की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय

आगरा। दो दिवसीय दौरे पर भारत आ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया 24 फरवरी को ताजनगरी आएंगे। शुक्रवार को संभावित दौरे का कार्यक्रम आने के बाद इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति और उनकी पत्‍‌नी 24 फरवरी से दो दिवसीय भारत दौरे पर आ रहे हैं। इसमें उन्हें दिल्ली से गुजरात जाने का कार्यक्रम पहले से निश्चित है। अब तक उनके आगरा में भी आने के कयास लगाए जा रहे थे। शुक्रवार को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के पास अमेरिकी राष्ट्रपति के संभावित दौरे का कार्यक्रम भी आ गया। इसके मुताबिक 24 फरवरी को शाम 4.30 बजे ट्रंप परिवार के साथ अहमदाबाद से आगरा आएंगे। ताजमहल का दीदार करने के बाद वह शाम 6.30 बजे तक आगरा में रहेंगे। इसके बाद दिल्ली को रवाना हो जाएंगे। अधिकारियों ने शुक्रवार को रूट का निरीक्षण करने के साथ कलाकृति और ताज के आसपास के इंतजाम का जायजा लिया।