- डौकी डबल मर्डर केस का है मुख्य आरोपी

- पुलिस ने किया दावा, थाने में जारी पूछताछ

फतेहाबाद। कोर्ट में सरेंडर करने से पहले भाजपा कार्यकर्ता नाथूराम वर्मा के हत्यारोपी समर सिंह पुलिस की गिरफ्त में फंस गया। हालांकि समर द्वारा पुलिस को स्वयं ही एक हॉस्पिटल में बुलाकर सरेंडर की बात कह रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। कोर्ट से पहले समर की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। डौकी पुलिस ने समर की गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है।

थाने में पहुंचे रिश्तेदार

समर सिंह ने जिला न्यायालय में सरेंडर की अर्जी दी थी। उसे गुरुवार फिर शुक्रवार को सरेंडर की अनुमति भी मिल गई थी। कोर्ट में सरेंडर की सूचना के बाद पुलिस की नींद उड़ गई थी। उसने गिरफ्तारी के लिए लगातार दबाव बनाया। समर के घर और परिजनों पर नजर रखी और उनसे पूछताछ की। उनकी परेशानी को देखते हुए समर मजबूर हो गया और पुलिस के सामने आ गया। डौकी पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने समर सिंह की गिरफ्तारी का खुलासा कर दिया है। थाने में समर सिह से मिलने पत्‍‌नी, बहन, भांजे पहुंचे।

समर की जुबानी, मर्डर की कहानी

जानकारी के अनुसार समर सिह ने पुलिस के सामने अपना जो बयान दर्ज कराया है। उसके अनुसार उसने अपने आपको निर्दोष बताया है। उसने बताया कि वह 5 जून को नाथूराम के साथ था। नाथूराम के पास फिरोजाबाद की एक महिला का फोन आया था। वह नाथूराम को शाम चार बजे घर छोड़कर आया था। महिला का दोबारा फोन आया। महिला ने मेहरा नाहरगंज के पास यमुना नदी के पास मिलने को बुलाया। उसे नाथूराम ने फोन करके चलने की जानकारी दी। दोनों गाड़ी से मेहरा नाहरगंज यमुना नदी के पास गए। वहां महिला नहीं मिली, तो फोन पर बातचीत की। इस बीच दोनों में गाली-गलौज होने लगी। वहीं खेत पर बैठे तीन बदमाश हथियारों संग पहुंचे और नाथूराम पर फायर कर दिया। वह डर से गाड़ी से भागा। नाथूराम भी गाड़ी के पीछे भागा, तब तक बदमाशों ने कई फायर कर दिए। उसने ही पुलिस को सूचना दी। उसके बदमाशों से कोई संबंध नहीं है। समर सिह की पूछताछ के आधार पर पुलिस ने फिरोजाबाद की महिला को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है।

एक हॉस्पिटल से सरेंडर की सूचना

बताया जा रहा है कि समर ने स्वयं पुलिस को अपनी लोकेशन की जानकारी दी। उसने एक हॉस्पिटल से अपने को सरेंडर किया। हालांकि पुलिस उसके गांव से ही गिरफ्तारी की बात कह रही है।