-सोडियम हाइपो क्लोराइड से कर सकते हैं घर को सैनिटाइन्ड

-नगर निगम, शहरवासियों को दे रहा निशुल्क ट्रेनिंग और टिप्स

आई स्पेशल

आगरा: कोरोना वायरस के प्रकोप के बाद लोग सैनिटाइजेशन को लेकर अवेयर हैं। हालांकि ज्यादातर लोगों को यह नहीं मालूम है कि वे घर या दफ्तर को कैसे सैनिटाइज्ड करें? नगर निगम ऐसे शहरवासियों को निशुल्क ट्रेनिंग और टिप्स दे रहा है। नगरायुक्त अरुण प्रकाश न बताया कि सोडियम हाइपो क्लोराइड को पानी में मिलाकर आसानी से घर या दफ्तर को सैनिटाइज्ड किया जा सकता है।

सोडियम हाइपो क्लोराइड से करें सैनिटाइज्ड

आगरा में नगर निगम की टीमों को सरकारी दफ्तरों को सैनेटाइज करता देख लोगों के मन में यह सवाल आ रहा है क्या घर और निजी दफ्तरों को भी इसी तरह सैनेटाइज किया जा सकता है? नगर निगम के नगरायुक्त अरुण प्रकाश का कहना है कि यह काम मुश्किल नहीं है। जैसे घर की सफाई फिनाइल से होती है, वैसे ही कार्बोलिक एसिड और सोडियम हाइपो क्लोराइड से सफाई करके घर या दफ्तर को सैनिटाइज्ड किया जा सकता है। नगरायुक्त ने बताया कि सोहिडम हाइपो क्लोराइड का पानी के साथ मिश्रण बनाकर इससे घर या दफ्तर की फर्श पर पोछा लगा सकते हैं। इसी पानी से दीवारों, दरवाजों और खिड़कियों को भी साफ कर सकते हैं। पानी के साथ सोडियम हाइपोक्लोराइड का सातवां हिस्सा मिलाकर सैनिटाइजर तैयार किया जा सकता है। मसलन 6 लीटर पानी में एक लीटर सोडियम हाइपोक्लोराइड मिलाकर घर-दफ्तर को आसानी से सैनिटाइज्ड किया जा सकता है।

बाजार में उपलब्ध हैं केमिकल

नगरायुक्त का कहना है कि सोडियम हाइपो क्लोराइड और कार्बोनिक एसिड दोनों केमिकल सर्जिकल आइटम की दुकानों पर मिल रहे हैं। इनकी कीमत भी लगभग फिनाइल के बराबर ही है। इनसे सैनिटाइजेशन लगभग पूरे दिन के लिए हो जाता है। इसकी विधि भी मुश्किल नहीं है। टीम जिन दफ्तरों में जा रही है, उसके सफाई कर्मचारियों को विधि समझाई जा रही है। वहीं उन्होंने बताया कि फर्नीचर, दरवाजे, खिड़की आदि को हम दिन में कई बार छूते हैं। इन्हें कार्बोलिक एसिड से सैनिटाइज किया जाना चाहिए। इस एसिड में तीन गुना पानी डाल लें। मसलन एक गिलास एसिड तो तीन गिलास पानी। इस मिश्रण से छूने वाली जगहों को साफ करें। इसी से सैनिटाइज्ड हो जाएगा। सरकारी दफ्तरों में छूने वाली जगहों पर इसका स्प्रे किया जा रहा है। अगर स्प्रे मशीन नहीं है तो कपड़े को केमिकल से भिगोकर सफाई की जा सकती है।

---

नगर निगम आज जनता को घर और दफ्तर को सैनिटाइज्ड करने के लिए ट्रेनिंग और जानकारी दे रही है। आसान प्रक्रिया से आगरावासी अपने घर अथवा दफ्तर को सैनिटाइज्ड कर सकते हैं। पब्लिक प्लेस और सस्पेक्टेड एरिया में नगर निगम अभियान चलाकर सैनिटाइज्ड कर रहा है।

-अरुण प्रकाश, नगरायुक्त, नगर निगम